फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली की जगह भोपाल में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन: 26 को संविधान रक्षा मार्च, राहुल गांधी के आने की भी चर्चा

Mon, 16 Nov 2026 05:05 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन अब भोपाल में होगा। 26 नवंबर को एक लाख लोगों की मौजूदगी में संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी है। राहुल गांधी के शामिल होने की भी चर्चा है। इसके साथ 22 नवंबर से बूथ स्तर पर वोट रक्षक अभियान और 15 दिसंबर तक गांवों में चौपाल आयोजित की जाएंगी।
विज्ञापन
राहुल गांधी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्य प्रदेश में 26 नवंबर को कांग्रेस बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। पार्टी ने दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यक्रम का स्थान बदलकर अब भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालने का फैसला किया है। इस आयोजन में प्रदेशभर से एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की प्रारंभिक सूचना है, हालांकि उनके दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस पहले दिल्ली में होने वाले वोट बचाओ, देश बचाओ कार्यक्रम के लिए मध्य प्रदेश से एक लाख लोगों को ले जाने की तैयारी कर रही थी। अब यही भीड़ भोपाल में जुटाई जाएगी। इसके साथ ही पार्टी ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर प्रदेशव्यापी अभियान का खाका भी तैयार किया है।
विज्ञापन


दिल्ली का कार्यक्रम टला, राज्यों की राजधानियों में मार्च
कांग्रेस ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ 25 और 26 नवंबर को दिल्ली चलो कार्यक्रम प्रस्तावित किया था। इसके लिए मध्य प्रदेश में विधानसभा क्षेत्रवार कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी चल रही थी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम दो बसें भेजने का लक्ष्य था। भोपाल में कंट्रोल रूम भी बनाया गया था। 25 नवंबर को ग्वालियर में तैयारियों की समीक्षा के बाद कार्यकर्ताओं को दिल्ली रवाना होना था। हालांकि, 15 नवंबर को एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके तहत दिल्ली का कार्यक्रम आगे के लिए स्थगित कर दिया गया और 26 नवंबर को सभी राज्यों की राजधानियों में संविधान रक्षा मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। मध्य प्रदेश में इसकी जिम्मेदारी भोपाल को दी गई है।

आंबेडकर प्रतिमा से निकलेगा मार्च, संविधान की शपथ लेंगे कार्यकर्ता
एआईसीसी के निर्देश के मुताबिक मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रमुख प्रतिमा से होगी। यहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और संविधान की रक्षा की शपथ ली जाएगी। इसके बाद मार्च किसी अन्य महत्वपूर्ण स्थान तक पहुंचेगा। जिला कांग्रेस कमेटियों, अग्रिम संगठनों और पार्टी के विभिन्न विभागों को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विज्ञापन


एक मार्च के साथ बूथ-बूथ तक पहुंचेगी कांग्रेस
कांग्रेस का अभियान केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी ने 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर 'वोट रक्षक अभियान' चलाने का फैसला किया है। प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। उसकी जिम्मेदारी मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करना और संबंधित मतदाताओं के बयान जुटाना होगा। वोट रक्षक प्रतिदिन सत्यापन का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड करेंगे। मंडल अध्यक्ष रोजाना इसकी निगरानी करेंगे। जिन बूथों पर काम धीमा रहेगा, वहां जाकर समीक्षा की जाएगी और निष्क्रिय वोट रक्षकों को बदलने के निर्देश भी दिए गए हैं।

15 दिसंबर तक गांवों में लगेंगी वोट बचाओ चौपाल
मतदाता सूची के सत्यापन में सामने आने वाले तथ्यों को लेकर 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर 'वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल' आयोजित की जाएंगी। चारपाई बैठक के प्रारूप में होने वाली इन चौपालों में मतदाता सूची से नाम हटाए गए लोगों, बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी कई चौपालों में व्यक्तिगत रूप से शामिल होंगे।

हर दिन दिल्ली के राष्ट्रीय वॉर रूम तक पहुंचेगी रिपोर्ट
अभियान की निगरानी के लिए रिपोर्टिंग का पूरा ढांचा तैयार किया गया है। मंडल अध्यक्ष हर शाम ब्लॉक अध्यक्ष और जिला कांग्रेस कमेटी को जानकारी देंगे। जिला इकाई इसे प्रदेश कांग्रेस कमेटी तक पहुंचाएगी और प्रदेश स्तर से प्रतिदिन रिपोर्ट एआईसीसी के राष्ट्रीय वॉर रूम को भेजी जाएगी। इसमें सत्यापन वाले बूथों, जांचे गए नामों और जुटाए गए बयानों का ब्योरा रहेगा। एआईसीसी ने अभियान की निगरानी के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों का कार्यकाल भी 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ा दिया है। उन्हें जिला कांग्रेस कमेटियों की बैठकों में शामिल होने, मंडलवार चौपालों का कैलेंडर तैयार कराने और प्रत्येक चौपाल के लिए जिम्मेदार नेताओं को तय करने की जिम्मेदारी दी गई है। सोमवार को साप्ताहिक रिपोर्ट भेजी जाएगी, जबकि तीसरे चरण की समीक्षा रिपोर्ट 18 दिसंबर तक प्रस्तुत करनी होगी।

यह भी पढ़ें-भोपाल मास्टर प्लान की सुनवाई: पूर्व आईएएस और विधायक भिड़े, बोले- आपने पांच कॉलोनियों की नियम विरुद्ध अनुमति दी
विज्ञापन



हर गतिविधि का सोशल मीडिया पर होगा प्रचार
कांग्रेस ने जिला स्तरीय बैठकों, प्रशिक्षण सत्रों, बूथ सत्यापन, संविधान रक्षा मार्च और चौपालों की तस्वीरें व वीडियो उसी दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के साथ पार्टी नेताओं के सोशल मीडिया हैंडल का इस्तेमाल किया जाएगा। आम नागरिकों को भी वोट रक्षक अभियान से जोड़ने की योजना है। इस तरह 26 नवंबर का संविधान रक्षा मार्च कांग्रेस के लिए सिर्फ एक दिन का राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि मतदाता सूची के मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने की बड़ी कवायद के रूप में देखा जा रहा है।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें