सीएम शिवराज ने तेल घानी बोर्ड के गठन का वादा किया।
- फोटो : सोशल मीडिया
सकल तेली साहू राठौर समाज महा संगठन का महाकुंभ जंबूरी मैदान में हुआ। रविवार को कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व सीएम कमलनाथ भी शामिल हुए। कार्यक्रम में समाज ने राजनीति में अपने प्रतिनिधित्व की मांग की। सीएम और पूर्व सीएम दोनों ने तेल घानी बोर्ड के गठन का वादा किया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि साहू राठौर सकल तैलिक समाज, परिश्रमी-देशभक्त और राष्ट्रवादी समाज है। राज्य सरकार समाज के कल्याण और विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां कर्मा देवी की कृपा देश-प्रदेश पर बनी रहे और मां सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रतिनिधियों की मांग पर एक सप्ताह में तेल घानी बोर्ड का गठन करने और प्रतिनिधि को मंत्री का दर्जा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मां कर्मा के तीर्थ-स्थल नरवरगढ़, मंदसौर के तेलिया तालाब सहित अन्य स्थानों को विकसित करने तथा अन्य मांगों की पूर्ति के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सीएम ने पदाधिकारियों को सीएम आवास आमंत्रित भी किया।
नाथ बोले- सच्चाई का साथ देंगे तो माता-बहनें सुरक्षित रहेंगी
कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति आध्यात्मिक शक्ति है। नई पीढ़ी सामाजिक मूल्यों से फिसल रही है। विश्व ताज्जुब से देख रहा है कि एक झंडे के नीचे भारत है। भाईचारा हमारी संस्कृति है। आप देश के संविधान, मूल्य और संस्कृति के रक्षक हैं। नाथ ने कहा कि एमपी में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो छत्तीसगढ़ की तर्ज पर एमपी में तेली घानी बोर्ड बनाएंगे। तेली समाज के लिए भवन भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप लोग सच्चाई का साथ देना। मेरा या पार्टी का मत देना। सच्चाई का साथ देने पर एमपी में माता-बहन समेत जनता सुरक्षित रहेगी।