कैबिनेट बैठक के लिए पचमढ़ी का राजभवन तैयार
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार दोपहर में पचमढ़ी राजभवन में कैबिनेट की विशेष बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक जनजातीय गौरव और शौर्य के प्रतीक रहे राजा भभूत सिंह को समर्पित होगी। बैठक में इटारसी के निकट लॉजिस्टिक हब विकसित करने के प्रस्ताव पर चर्चा हो सकती है। करीब 80 एकड़ भूमि दुबई की कंपनी डीपीआई को दिए जाने पर विचार किया जा रहा है। वर्ष 2012 में इसी परियोजना के लिए पुणे की एक कंपनी को जमीन देने की तैयारी की गई थी, लेकिन वह कार्य शुरू नहीं कर सकी। अब दुबई की यह कंपनी इस परियोजना में इच्छा जताई है। प्रस्तावित हब से माल का लोडिंग और अनलोडिंग इटारसी से मुम्बई पोर्ट तक डबल लाइन कनेक्टिविटी के माध्यम से किया जाएगा। बैठक में राजा भभूत सिंह की प्रतिमा पचमढ़ी में स्थापित करने पर भी निर्णय लिया जा सकता है। इसके अलावा नर्मदांचल क्षेत्र में किसी संस्थान को उनके नाम से जोड़ने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है।