भोपाल के ऐशबाग स्थित 35 साल पुराने जनता क्वार्टर में सोमवार को प्रशासन ने बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। सुबह 6 बजे भारी पुलिस बल और बुलडोजर-पोकलेन मशीनों के साथ पहुंची टीम ने करीब नौ घंटे में 600 में से 599 जर्जर मकानों को ढहा दिया। दोपहर 3 बजे तक अधिकांश निर्माण मलबे में तब्दील हो चुके थे। क्वार्टर नंबर 465 को हाईकोर्ट से मिली दो दिन की राहत के कारण फिलहाल नहीं तोड़ा गया। हालांकि, उसका सामान बाहर निकलवा लिया गया है। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में बैरिकेडिंग कर आवाजाही बंद कर दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। एसडीएम लाखन सिंह चौधरी के मुताबिक, कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई और करीब 90 प्रतिशत मकान शुरुआती घंटों में ही गिरा दिए गए थे। बाद में शेष मकानों को भी हटाया गया।
2016 में ही जर्जर घोषित हुए थे मकान
जनता क्वार्टर के इन भवनों को नगर निगम ने मई 2016 में जर्जर और खतरनाक घोषित किया था। वर्ष 2018 में भी रहवासियों को नोटिस जारी किए गए, लेकिन मकान खाली नहीं हुए। हाउसिंग बोर्ड ने अंतिम नोटिस देकर 13 नवंबर तक सामान हटाने को कहा था। 14 नवंबर को प्रस्तावित कार्रवाई रहवासियों के विरोध और पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के कारण टाल दी गई थी। विरोध के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
वैध आवंटियों को मिलेगा किराया, अवैध कब्जेदारों को नहीं
हाउसिंग बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि वैध आवंटियों को मकान खाली कराने के बाद नियमानुसार कलेक्टर गाइडलाइन के आधार पर मासिक किराया दिया जाएगा। वहीं, अवैध रूप से रह रहे कब्जेदारों को किराया या मुआवजे का लाभ नहीं मिलेगा। पुनर्विकास नीति-2022 के तहत यहां जर्जर भवनों की जगह आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाना प्रस्तावित है। वैध आवंटियों को पुराने मकानों से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट देने और निर्माण अवधि में किराया उपलब्ध कराने की योजना है।
हाईकोर्ट से राहत नहीं, सुबह होते ही शुरू हुई कार्रवाई
जनता क्वार्टर में मकान तोड़ने की कार्रवाई विरोध और कानूनी अड़चनों के कारण पहले टल चुकी थी। 14 नवंबर को प्रस्तावित अभियान पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने और रहवासियों के विरोध के चलते रोकना पड़ा था। विरोध के दौरान तीन महिलाओं की तबीयत भी बिगड़ गई थी। इसके बाद 22 नवंबर को रविवार की छुट्टी के दिन जबलपुर हाईकोर्ट में विशेष सुनवाई हुई। कोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। इसके बाद सोमवार सुबह प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी।
600 में से सिर्फ 110 मूल आवंटी होने का दावा
हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक, जनता क्वार्टर के करीब 600 मकानों में रहने वालों में केवल 110 लोग ही मूल वैध आवंटी हैं। बाकी करीब 490 मकानों पर अनधिकृत कब्जे बताए जा रहे हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किराये की आर्थिक मदद केवल उन्हीं वैध आवंटियों को मिलेगी, जो मकान खाली करने के लिए सहमति पत्र जमा करेंगे। पात्र लोगों को मकान खाली करने के बाद कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार किराया दिया जाएगा।
जर्जर मकानों की जगह बनेंगे आधुनिक फ्लैट
हाउसिंग बोर्ड की योजना के तहत मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति-2022 के अंतर्गत इस पूरी जमीन का नए सिरे से विकास किया जाएगा। पुराने मकानों को हटाकर बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाया जाएगा। इसमें वैध आवंटियों को मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़े नए फ्लैट देने का प्रस्ताव है। निर्माण अवधि के दौरान पात्र आवंटियों को किराया भी दिया जाएगा।
कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला हिरासत में
कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को सुबह करीब 8 बजे उनके घर से हिरासत में लिया गया और अशोका गार्डन थाने में बैठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वैकल्पिक आवास की व्यवस्था किए बिना लोगों के मकान तोड़ना उचित नहीं है।
यह भी पढ़ें-डायबिटीज के हर पांचवें मरीज की आंखों पर खतरा: बिना लक्षण खराब हो रही रोशनी, भोपाल के विशेषज्ञों ने दी चेतावनी
एक मकान को हाईकोर्ट से दो दिन की मोहलत
क्वार्टर नंबर 465 के आवंटी मोहम्मद हफीज खान को हाईकोर्ट से दो दिन की राहत मिली है। उनके मामले में याचिकाकर्ता और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारी कलेक्टर के साथ बैठक कर किराये की राशि तय करेंगे। बुधवार को इसकी जानकारी हाईकोर्ट में पेश की जाएगी।