मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष विजेश लूनावत का गुरुवार को भोपाल में निधन हो गया। वह 55 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि वह काफी समय से अस्वस्थ थे और हाल ही में कोविड-19 संक्रमित भी पाए गए थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गए हैं। विजेश लूनावत के निधन के समाचार के बाद पार्टी में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक ट्वीट में कहा, 'मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष और हम सभी के प्रिय साथी विजेश लूनावत के निधन की सूचना से स्तब्ध और दुखी हूं। यह मध्य प्रदेश भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।'
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, 'समझ ही नहीं पा रहा हूं कि इतना कर्मठ, यारबाज और कुशल संगठक किसी बीमारी की चपेट में कैसे आ गया? वे तो कभी कोई लड़ाई नहीं हारे, तब कमबख्त कैंसर कैसे हावी हो गया। मध्यप्रदेश भाजपा के बीते दो दशक में ऐसा कोई काम नहीं, जिसमें वे शरीक न हों। चुनाव, मीडिया प्रबंधन में वे बेजोड़ थे।'
मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने ट्वीट किया, 'विजेश लूनावत के आकस्मिक निधन से स्तब्ध हूं। लूनावत ने हमेशा एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए कार्य किया। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को इस वज्रपात को सहन करने की शक्ति दें। अत्यंत दुखद।’
वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूनावत के दुखद निधन का समाचार प्राप्त हुआ। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान व पीछे परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।' उन्होंने लिखा कि विजेश भाई, मिलने का वादा कर कहां चले गए!