भोपाल में मंगलवार को प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों के साथ कर्मचारी आंदोलन भी देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रालय में कैबिनेट बैठक होगी। वहीं, नीलम पार्क में सफाईकर्मी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे और भौंरी स्थित पुलिस अकादमी में डीएसपी के 44वें एवं 45वें बैच का दीक्षांत समारोह आयोजित होगा।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मंत्रालय में होगी कैबिनेट बैठक, अहम प्रस्तावों पर चर्चा
विज्ञापन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट बैठक आयोजित होगी। बैठक में विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री छिंदवाड़ा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे।
सफाईकर्मियों का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी
प्रदेश के सफाई कर्मचारी मंगलवार को भोपाल के नीलम पार्क में प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन करेंगे। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के बैनर तले होने वाले इस आंदोलन में राजधानी सहित विभिन्न जिलों के हजारों कर्मचारियों के शामिल होने का अनुमान है। सफाईकर्मी वेतन बढ़ाने और नियमित करने सहित अन्य मांगें उठा रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 4 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।
पुलिस अकादमी में डीएसपी के 44वें-45वें बैच का दीक्षांत समारोह
मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी में मंगलवार सुबह 9:30 बजे उप पुलिस अधीक्षकों के 44वें एवं 45वें बैच का दीक्षांत समारोह आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में डीएसपी की दीक्षांत परेड होगी।
एशियन वूमन हॉकी चैंपियनशिप और खेल परिसर के लोकार्पण पर प्रेसवार्ता
मंत्री विश्वास सारंग मंगलवार सुबह 10 बजे टीटी नगर स्टेडियम में प्रेसवार्ता करेंगे। इसमें वूमन एशियन हॉकी चैंपियनशिप-2026 और अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर भोपाल के प्रथम चरण के लोकार्पण को लेकर जानकारी देंगे।