मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के पांच शहरों का तापमान हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम दर्ज किया गया है। शाजापुर प्रदेश का सबसे ठंडा रहा है यहां 5.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक-दो दिन में कई क्षेत्रों में बारिश हो सकती है साथ ही कड़ाके की ठंड भी पढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल समेत अन्य जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान है, जबकि बर्फीली हवा से पूरा प्रदेश ठिठुर सकता है। उत्तरी हिस्से के ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
चक्रवाती तूफान फेंगल का असर
मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश ने बताया कि तूफान फेंगल के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इस वजह से कहीं-कहीं मध्यम एवं ऊंचाई के स्तर पर बादल छा रहे हैं। इस वजह से न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने के आसार हैं। उधर, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, वर्षा होने की भी संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर एक बार फिर तापमान में गिरावट होने की संभावना है। अनुमान है कि छिंदवाड़ा, सिवनी समेत अन्य जिलों में 3-4 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
बड़े शहरों में भोपाल सबसे ठंड़ा
मध्य प्रदेश के बड़े शहरों के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। खास कर राजधानी भोपाल में पिछले 10 दिन से तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश के बड़े शहारों में भोपाल सबसे ठंडा है। यहां रविवार-सोमवार की रात पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इंदौर में 12 डिग्री, ग्वालियर में 9.8 डिग्री, उज्जैन में 10 डिग्री और जबलपुर में 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटो में ऐसा रहा प्रदेश का मौसम
पिछले 24 घंटो के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा । शाजापुर में शीत लहर का प्रभाव रहा। अधिकतम तापमानों में सभी संभागों के जिलों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभागों के जिलों में सामान्य से काफी कम रहे। नर्मदापुरम, रीवा, शहडोल, सागर संभागों के जिलों में सामान्य से कम रहे एवं शेष सभी संभागों के जिलों में सामान्य रहे। न्यूनतम तापमान नर्मदापुरम संभाग के जिलों में काफी बढ़े और शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। प्रदेश के ग्वालियर में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा।
प्रदेश के 5 सबसे न्यूनतम तापमान वाले शहर
शहर तापमान (°C में)
शाजापुर 5.9
छतरपुर 7.8
सीहोर 7.9
राजगढ़ 8.0
भोपाल 8.5