मध्य प्रदेश में आ रही बर्फीली हवाओं से कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। इस बार ठंड लगातार कई रिकॉर्ड भी तोड़ रही है। भोपाल में अभी तक इस सीजन में सबसे ठंडा रहा यहां का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। 2021 में यहां का न्यूनतम तापमान 3.4 दर्ज किया गया था। हालांकि सोमवार को दिन भर धूप खिली रही और तापमान में बढ़ोत्तरी हुई अधिकतम तापमन 27 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के पांच शहरों का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। पचमंढ़ी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा यहां का न्यूनतम तापामान 1.9 डिग्री दर्ज किया गया।
पांच शहरों का तापमान 5 डिग्री से नीचे
प्रदेशभर में 4 से 5 दिनों से शीत लहर भी चल रही है। रविवार रात प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री या उससे नीचे आ गया है। प्रदेश के 5 शहरों की बात करें तो पचमढ़ी में 1.9 डिग्री, भोपाल में 3.3 डिग्री, मंडला में 3 डिग्री, उमरिया 3.3 डिग्री और राजगढ़ का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में ठंडी हवा चलती रही हालांकि धूप भी खिली रही।
इसलिए मौसम में आ रही ठंडक
मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के सीनियर वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि, ''वर्तमान में राजस्थान के ऊपर एक चक्रवात सक्रिय है। जबकि पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से में एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती घेरे के रुप में सक्रिय है। वहीं पूर्वोत्तर भारत में जेट स्ट्रीम भी लगातर सक्रिय है। जिससे अगले 48 घंटे तक उत्तरी हवाओं की गति तेज बनी रहेगी। जो पहाड़ी क्षेत्रों से निरंतर ठंड लेकर आएगीं. हालांकि 72 घंटों बाद इसमें थोड़ा कमी आएगी। हवाओं की दिशा बदलने के कारण थोड़ा तापमान में राहत देखने को मिलेगी।
पारा 0.3 लुढ़का तो टूट जाएगा रिकॉर्ड
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल में दिसंबर माह में 11 दिसंबर 1966 की रात में पारा 3.1 डिग्री पहुंच गया था। यह अब तक का ओवरऑल रिकॉर्ड है। 3 साल पहले 2021 में पारा 3.4 डिग्री पहुंच गया था, जबकि रविवार-सोमवार की रात में यह 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। अगर तापमान 0.3 डिग्री लुढ़का तो ओवरऑल रिकॉर्ड टूट जाएगा। और नया रिकॉर्ड बन सकता है।
19 दिसंबर के बाद मिल सकती है राहत
मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को कोल्ड डे या कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है। हालांकि 17 दिसंबर के बाद से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में ठंड से थोड़ी राहत मिल जाएगी। फिर भी भोपाल, जबलपुर और शहडोल इन तीन संभागों में यलो अलर्ट कोल्ड डे या कोल्ड वेव की वजह से जारी रहेगा। डॉ. सिंह ने बताया कि 17 दिसंबर से प्रदेश की हवाएं पूर्वी और 19 दिसंबर से दक्षिण हो जाएंगी। जिससे न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। लेकिन अगले 24 से 38 घंटे में तेज पड़ने की संभावना है।