रंगपंचमी के अवसर पर राजधानी भोपाल में आज इंदौर के गेर की तर्ज पर पूराने शहर में पारंपरिक चल समारोह निकलेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात डायवर्जन व्यवस्था की गई है। यह डायवर्जन सुबह 8 बजे से आवश्यकतानुसार लागू रहेगा, जिससे यातायात सुगम और सुरक्षित बना रहे। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही पुलिस बल तैनात किए गए हैं। नागपुर में हुई हिंसा और रमजान का पवित्र माह होने के कारण पुलिस अधिकारियों ने पुराने शहर के थाना प्रभारियों को क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
इन क्षेत्रों से निकलेगा चल समारोह
चल समारोह जनकपुरी सुभाष चौक (सर्राफा चौक) से प्रारंभ होकर लोहा बाजार, जुमेराती, जनकपुरी, सिंधी मार्केट, भवानी मंदिर सोमवारा, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंतामण चौक, इतवारा जैन मंदिर, मंगलवारा थाना, कुंदन नमकीन, घोड़ा नक्कास, अग्रवाल पुड़ी भंडार, छोटे भैया कॉर्नर से होते हुए हनुमानगंज रोड स्थित हनुमान मंदिर पर समाप्त होगा।
इन मार्गों पर यातायात रहेगा प्रतिबंध
- नादरा बस स्टैंड से घोड़ा नक्कास की ओर ।
- अल्पना तिराहा से नादरा बस स्टैंड की ओर।
-भोपाल टॉकीज चौक से नादरा बस स्टैंड की ओर ।
- काजी कैंप से सिंधी कॉलोनी की ओर।
- मोती मस्जिद चौक से बुधवारा चौक की ओर ।
- तलैया तिराहा से बुधवारा की ओर ।
- भारत टॉकीज से इतवारा की ओर ।
- चौकी इमामबाड़ा से जुमेराती की ओर ।
यातायात विभाग ने जारी किया नंबर
यातायात विभाग आम जनता से अनुरोध किया है कि यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी असुविधा की स्थिति में यातायात नियंत्रण कक्ष से दूरभाष नंबर 0755-2677340, 2443850 पर संपर्क करें या वॉट्सऐप नंबर 7587602055 पर जानकारी भेजें।