नर्सिंग काउंसिल के डिप्टी रजिस्ट्रार चंद्रप्रकाश शुक्ला द्वारा रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में छात्रों के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज़ों पर हस्ताक्षर किए जाने का मामला गरमाता जा रहा है। गुरुवार को NSUI ने मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए लेखापाल राहुल सक्सेना और डिप्टी रजिस्ट्रार चंद्रप्रकाश शुक्ला के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने डिप्टी रजिस्ट्रार और लेखापाल के निलंबन और निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग उठाई। जिससे के बाद शाम को प्रशासन बैकफुट पर आ गया। नर्सिंग काउंसिल ने NSUI की चेतावनी के बाद बड़ा कदम उठाते हुए शाम को लेखापाल राहुल सक्सेना और डिप्टी रजिस्ट्रार चंद्रप्रकाश शुक्ला को काउंसिल से हटा दिया है।
एक सप्ताह पहले पीसए से की थी शिकायत
डिप्टी रजिस्ट्रार की अनियमितताओं को लेकर NSUI ने एक हफ्ते पहले प्रमुख सचिव से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि डिप्टी रजिस्ट्रार चंद्रप्रकाश शुक्ला ने रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में छात्रों के रजिस्ट्रेशन दस्तावेज़ों पर अनधिकृत हस्ताक्षर किए, जो नियमों का घोर उल्लंघन है। संगठन ने इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में भारी लापरवाही करार दिया।
लेखापाल राहुल सक्सेना के खिलाफ गंभीर आरोप
राहुल सक्सेना पर वित्तीय अनियमितताओं और 2018 में महिला कर्मचारी की शिकायत पर दर्ज धारा 354(क) और 506 जैसे आपराधिक प्रकरण का हवाला देते हुए NSUI ने कहा कि उनके काउंसिल में पदस्थापन से संस्थान की साख पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
प्रदर्शन का असर: नर्सिंग काउंसिल के लेखापाल और डिप्टी रजिस्ट्रार पद से हटाए गए
मध्यप्रदेश नर्सिंग काउंसिल में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ NSUI द्वारा किए गए प्रदर्शन के बाद प्रशासन बैकफुट पर है। नर्सिंग काउंसिल ने NSUI की चेतावनी के बाद बड़ा कदम उठाते हुए शाम को लेखापाल राहुल सक्सेना और डिप्टी रजिस्ट्रार चंद्रप्रकाश शुक्ला को पद से हटा दिया है। NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने इसे छात्रों की जीत बताते हुए कहा है कि नर्सिंग घोटाले के विरुद्ध आंदोलन जारी रहेगा। रवि परमार ने कहा है कि हमारी मांगों और प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि छात्रों और युवाओं की आवाज में ताकत है। राहुल सक्सेना और चंद्रप्रकाश शुक्ला को हटाना एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन हमारी लड़ाई तब तक खत्म नहीं होगी, जब इनके विरुद्ध जांच कमेटी गठित नहीं होगी। प्रशासन को ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करना होगा।
आगे की रणनीति और आंदोलन
1. राज्यव्यापी प्रदर्शन: NSUI जल्द ही राज्य के अन्य जिलों में आंदोलन तेज करेगा।
2. धरना और रैली: भोपाल में चरणबद्ध धरने और रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
3. मुख्यमंत्री से मुलाकात: संगठन इस मामले को मुख्यमंत्री तक ले जाएगा।
4. जनजागरण अभियान: छात्रों और अभिभावकों को आंदोलन में जोड़कर काउंसिल में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
NSUI की मांगें
1. चंद्रप्रकाश शुक्ला और सक्सेना के खिलाफ जांच कमेटी का गठन।
2. नर्सिंग काउंसिल में सभी अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच।
3. दोषियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई।
4. काउंसिल की प्रक्रियाओं में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करना।