पुलिस मामले की जांच में जुट गई है
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी की क्राइम ब्रांच ने कुख्यात बदमाश रहे मुख्तार मलिक के बेटे यासिन मलिक को अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। उसके खिलाफ पहले से आधा दर्जन से ज्यादा अपराध शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कार में बैठकर पिस्टल को लोड करते व हवाई फायरिंग करते हुए दिखाई रहा है। उसके बाद से ही क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही थी।
जानकारी के अनुसार क्राइम ब्रांच की टीम को पूर्व नकबजन, अवैध हथियार, जेल रिहाई और गुंडे बदमाशों की तलाश और निगरानी के लिए लगाया गया था। इलाका भ्रमण के दौरान टीम वीआईपी रोड स्थित करबला के पास पहुंची तो मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद टीशर्ट और नीले रंग की जींस पैंट पहने एक युवक पिस्टल लेकर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सूफिया मस्जिद के पीछे सैफिया ग्राउंड पहुंचकर बताए गए संदेही हुलिए के युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ करने पर उसने अपना नाम यासिन मलिक उर्फ शोवी पुत्र मुख्तार मलिक (22) निवासी प्राइम हाइट्स मल्टी कोहेफिजा बताया। तलाशी लेने पर पैंट की जेब में रखी एक देशी पिस्टल मिली, जिसकी मैगजीन में दो जिंदा कारतूस लगे हुए थे। आरोपी ने उक्त पिस्टल किससे और क्यों खरीदी थी, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी बीकॉम थर्ड इयर का छात्र बताया गया है। उसके खिलाफ पहले से कोहेफिजा, तलैया, पिपलानी और रातीबड़ में आधा दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज हैं।?
आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने पर बदमाश लल्लू रईस पर केस दर्ज
अशोका गार्डन पुलिस ने फेसबुक पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक चांदबड़ स्टेशन बजरिया में रहने वाले आशीष शुक्ला प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। गुरुवार की रात करीब ग्यारह बजे वह अस्सी फीट रोड स्थित एक दुकान पर चाय पीने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने फेसबुक पर एक वीडियो देखा। वीडियो में एक कथावाचक को एक अभिनेता के पैर छूते हुए दिखाया गया था। यह वीडियो लल्लू रईस द्वारा अपलोड किया गया था। इससे उनकी धार्मिक भावनाओं को आघात पहुंचा था। आशीष ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस ने लल्लू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इधर हबीबगंज पुलिस ने अरेरा कालोनी में रहने वाले गैस एजेंसी संचालक बुद्धसेन शर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ फोन पर धमकाने का मामला दर्ज किया है। आरोपी ने उनकी गैस एजेंसी बंद करवाने की धमकी दी थी। मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी का पता लगाया जा रहा है।