भोपाल में नायब तहसीलदार पर स्याही फेंक दी गई।
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के बैरागढ़ वृत्त में पदस्थ नायब तहसीलदार रतिराम अहिरवार पर गुरुवार शाम एक महिला ने हमला कर दिया। हमला उस समय हुआ, जब नायब तहसीलदार अपने कार्यालय स्थित कक्ष में बैठकर शासकीय कार्य निबटा रहे थे। महिला जमीन पर कब्जे के मामले में कार्रवाई नहीं करने को लेकर आक्रोशित थी। उसने कार्यालय में घुसते ही हंगामा करना शुरू कर दिया, साथ ही अपने साथ लाई स्याही नायब तहसीलदार पर फेंक दी। कर्मचारियों ने महिला को पकड़कर कोहेफिजा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
बकरीद पर इको-फ्रेंडली कुर्बानी की अपील, संस्कृति बचाओ मंच ने मुस्लिम धर्मगुरुओं से किया आग्रह
नायब तहसीदार रतिराम अहिरवार ने बताया कि उपासना जौहरी नाम की महिला की निशातपुरा में जमीन है। जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों पक्ष जमीन पर कब्जा जता रहे हैं। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जबलपुर हाईकोर्ट ने जमीन पर कब्जे को लेकर चल रहे मामले में स्थगन आदेश पारित किया है। न्यायालय के आदेश के कारण प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जबकि महिला जमीन पर दावा करने वाले दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रही है।
ये भी पढ़ें-
एम्स में हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद मरीज की मौत, डॉक्टर बोले एक्यूट रिजेक्शन सिंड्रोम की वजह से हुई मौत
अहिरवार ने बताया कि शाम करीब चार बजे मैं ऑफिस में स्टॉफ के साथ फाइलें निबटा रहा था, तभी महिला आई और बात करते-करते मेरे ऊपर स्याही की बोतल फेंक दी। वह कह रही थी कि कार्रवाई नहीं करने के कारण आप जैसे अधिकारियों का मुंह काला करना चाहिए। महिला के स्याही फेंकने से कई शसकीय दस्तावेजों को भी नुकसान हुआ है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।