वंदे भारत एक्सप्रेस को अब यात्रियों के लिए और अधिक आरामदायक बनाया जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने शनिवार को भोपाल मंडल के अपने निरीक्षण दौरे में इस बात के निर्देश दिए कि ट्रेन की सीटों को एर्गोनॉमिकली डिजाइन किया जाए।
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को अब यात्रियों के लिए और अधिक आरामदायक बनाया जाएगा। पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने शनिवार को भोपाल मंडल के अपने निरीक्षण दौरे में इस बात के निर्देश दिए कि ट्रेन की सीटों को एर्गोनॉमिकली डिजाइन किया जाए ताकि यात्रियों को लंबे सफर के दौरान अधिक सहूलियत मिल सके। महाप्रबंधक के साथ निरीक्षण में भोपाल डीआरएम पंकज त्यागी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने रानी कमलापति कोचिंग डिपो में वंदे भारत के रेक की गहन जांच की और डिपो में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की।
विज्ञापन
पिट लाइन निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश
महाप्रबंधक ने डिपो में निर्माणाधीन पिट लाइन नंबर 1 का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता को संतोषजनक पाया, लेकिन यह भी निर्देश दिया कि कार्य को समयसीमा में जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि नई वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों का संचालन शुरू किया जा सके। इसके अलावा शेड और पिट व्हील लेथ मशीन का भी निरीक्षण हुआ। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी बचे हुए कार्य तय समय में पूरे किए जाएं।
सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता
निरीक्षण के दौरान वंदे भारत में लगे Amtex मेक के अग्निशामक यंत्रों की कार्यशीलता की भी जांच की गई। परीक्षण के बाद ही उन्हें उपयोग में लाने के निर्देश दिए गए, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रियों की सुरक्षा में कोई कमी न हो। निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) रामेन्द्र पाण्डेय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कोचिंग) आरपी खरे, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (उत्तर) श्याम नागर, और मंडल इंजीनियर (मुख्यालय) नीरज श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।