मंत्री विश्वास सारंग खिचड़ी बांटते हुए
- फोटो : अमर उजाला
दशहरा मैदान में आयोजित नरेला पतंग महोत्सव...
मकर संक्रांति पर नरेला विधानसभा अंतर्गत एकतापुरी दशहरा मैदान में आयोजित नरेला पतंग महोत्सव में संबोधित करते हुए सारंग ने कहा कि समाज के सभी वर्ग अयोध्या में मंदिर निर्माण को लेकर काफी उत्साहित हैं। लगभग 500 वर्षों की प्रतिक्षा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। प्रत्येक राम भक्त की यह इच्छा थी कि अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के लिए भव्य मंदिर का निर्माण हो।
इस पुनीत कार्य में नरेला क्षेत्र के लोगों की सहभागित सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नरेला विधानसभा की ओर से 21 चांदी की ईंटें अयोध्या में श्री राम लला के चरणों में भेंट की जाएंगी। चांदी की ईंटों का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। चांदी की ईंटों का निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात संपूर्ण नरेला के 17 वार्डों में यात्राएं निकाली जायेंगी। जिसमें हर वार्ड में एक चांदी की ईंट पहुंचेगी, जिसकी विधिवत रूप से पूजा एवं अभिषेक कर अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपी जायेंगी।
सभी 17 वार्डों में हुआ खिचड़ी और लड्डुओं का वितरण...
मकर संक्रांति पर्व पर नरेला क्षेत्र के सभी 17 वार्डों में खिचड़ी और लड्डुओं का वितरण किया गया| इस अवसर पर मंत्री सारंग ने कहा कि मकर संक्रांति पर्व सूर्य भगवान के दक्षिणायन से उत्तरायण होने का महापर्व है। सनातन संस्कृति में इस पर्व का बहुत महत्व है। उन्होंने पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं में खिचड़ी व लड्डुओं के प्रसाद का वितरण किया।