राजधानी भोपाल में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम टीम पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब फुटपाथ पर हेलमेट बेचने वाले युवक ने अचानक छुरी निकालकर दो कर्मचारियों पर हमला कर दिया। कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोपी न सिर्फ गाली-गलौज करता रहा, बल्कि धमकाते हुए मौके से फरार हो गया।
राजधानी भोपाल में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की टीम पर एक युवक ने अचानक छुरी से हमला कर दिया। घटना एमएलबी कॉलेज के पास फुटपाथ पर हुई, जहां हेलमेट की अवैध दुकान लगाए बैठे युवक लाला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए निगम कर्मचारियों पर झपटकर हमला कर दिया। हमले में निगम के दो कर्मचारी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
विज्ञापन
गालियां दीं, फिर निकाली छुरी
जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े 11 बजे अतिक्रमण अमला एमएलबी कॉलेज रोड पर कार्रवाई कर रहा था। इसी दौरान फुटपाथ पर हेलमेट बेचने वाले युवक लाला ने न केवल टीम के सदस्यों को अपशब्द कहे बल्कि विरोध करते हुए अचानक छुरी निकाल ली और कर्मचारियों पर वार कर दिए। एफआईआर में दर्ज बयान के मुताबिक युवक ने धमकी देते हुए कहा अगर मेरा ठेला या सामान उठाया, तो जान से खत्म कर दूंगा… मुझे लाला कहते हैं। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
दो कर्मचारी जख्मी, भीड़ में हड़कंप
हमले में कर्मचारी मोहम्मद अकबर के दाहिने हाथ की कोहनी पर गहरा घाव लगा, जबकि बीच-बचाव में आए कर्मचारी रमेश राठौर के चेहरे पर छुरी लगी। दोनों को खून बहता देख आसपास मौजूद लोग घबरा गए। निगम टीम ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी युवक रोशनपुरा स्लम एरिया का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और निगम अमले ने उसके घर पर छापा मारा, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
नियमित कार्रवाई के दौरान हुआ हमला
अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि अमला पॉलिटेक्निक चौराहे और एमएलबी कॉलेज रोड पर नियमित कार्रवाई में था। इसी दौरान युवक ने दुकान हटाने से इनकार किया और अचानक हमला कर दिया। श्यामला हिल्स थाने में मामला दर्ज करा दिया गया है।