मंत्री विश्वास सारंग अस्पताल में मंत्री से मिलते हुए
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने एक बार फिर से मानवता की मिसाल पेश की है। मंत्री सारंग की ओर से मिली सहायता के दम पर जन्मजात दिव्यांग बच्ची का इलाज हो सका। इससे वो अब कलम उठाकर पढ़ाई भी कर सकेगी। सारंग ने बच्ची के पिता की फरियाद पर तत्काल इलाज के निर्देश दिए थे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ था। शहर के एक निजी अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा है। बुधवार को मंत्री सारंग ने बच्ची का हाल जाना, वो अब पूरी तरह से स्वस्थ है।
यह है पूरा मामला
पिछले दिनों नरेला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अन्ना नगर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल होने गए मंत्री सारंग से हाथों से दिव्यांग छह वर्षीय कनिष्का खरे के पिता ने मदद की गुहार लगाई थी। बच्ची के दोनों हाथों की उंगलियां जन्म से ही जुड़ी थीं, जिसके इलाज में लाखों का खर्च आ रहा था। परिजन इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ थे। मामला संज्ञान में आते ही मंत्री ने तत्काल विशेषज्ञ डॉक्टर से फोन पर बात कर बच्ची के इलाज की व्यवस्था की थी।