भोपाल में नए सीएम के शपथ कार्यक्रम के लिए बदली यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। घंटों जाम लगा रहा।
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्यमंत्री के शपथ कार्यक्रम के चलते बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था गड़बड़ा गई। हजारों लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सैकड़ों वाहन सड़क पर रेंगते नजर आए। शपथ का कार्यक्रम सुबह 11.30 बजे शुरू होना था। पुलिस ने इसके पहले ही बैरिकेडिंग करके कई मार्गों को रोक दिया। इसके साथ ही कई रूट को परिवर्तित कर दिया गया। जिससे लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। जाम की समस्या तब और बढ़ गई जब कार्यक्रम समाप्त हुआ। समारोह में भाग लेने पहुंचे हजारों लोग जब एक साथ मैदान से बाहर आए तो यातायात के हालात और खराब हो गए।
इन इलाकों में लगा जाम
लाल परेड मैदान के आसपास बने जाम से पुराना और नया भोपाल का क्षेत्र प्रभावित हुआ। जहां पुराने भोपाल में राजभवन, प्रोफेसर कॉलोनी, रविंद्र भवन, बाणगंगा रोड, जहांगीराबाद, शब्बन चौराहा, चित्रांश कॉलेज, लिली टाकीज, पीएचक्यू और कंट्रोल रूम के आसपास के एरिया में घंटों जाम लगा रहा। वहीं नए भोपाल में रोशनपुरा, जेल पहाड़ी रोड, मालवीय नगर और न्यू मार्केट के आसपास का यातायात गड़बड़ाया। इस दौरान कई विधायक और वीआईपी लोगों की गाडियां भी जाम में फंस गई थीं।