लोगों को डेंगू, मलेरिया के प्रति जागरूक करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की राजधानी में एक बार फिर से डेंगू मलेरिया के मरीज तेजी से बढ़ने लगे हैं। मच्छरों से होने वाली बीमारियों को कंट्रोल करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार अलग-अलग प्रयोग कर रहा है। वाहक जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ प्रभाकर तिवारी के निर्देश पर जिला मलेरिया कार्यालय में वाहक जनित रोगों के नियंत्रण के कॉल सेंटर स्थापित किया है, जिसमे आम जन मच्छर जनित रोगों के बारे में जानकारी ले सकते है साथ ही डेंगू और मलेरिया से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता जैसे जांच, उपचार एवम बचाव के बारे में जान सकते है। कॉल सेंटर का नंबर है 0755- 2660636। इसके साथ-साथ मलेरिया विभाग और अंबेडकर योजना के कर्मचारी भोपाल के चौराहों पर लोगों को डेंगू मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव के लिए अलग-अलग तरीके से जागरूक कर रहे हैं।
मच्छर जनित बीमारियों की मिलेगी संपूर्ण जानकारी
भोपाल जिला मलेरिया अधिकारी डॉ अर्चना मिश्रा ने बताया कि मच्छर जनित बीमारियों के प्रति किसी भी प्रकार की सहायता के लिए दिए गए नंबर पर कॉल कर सकते है। डेंगू और मलेरिया जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत एंबेड टीम फैमिली हेल्थ इंडिया द्वारा अवधपुरी क्षेत्र में महात्मा गांधी चौराहे पर डेंगू बुखार के बारे में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को डेंगू के कारण, लक्षण और निवारण के तरीकों के बारे में जानकारी दी। टीम ने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने, ठीक से कूड़ा प्रबंधन करने और मच्छरदानी और रिपेलेंट्स जैसे सुरक्षात्मक उपाय अपनाने पर जोर दिया। इस अभियान में लगभग 500 से अधिक राहगीरों को क्षेत्र में डेंगू रोकथाम के बारे में जागरूक किया। क्षेत्रीय समन्वयक फैमिली हेल्थ इंडिया डॉ संतोष भार्गव ने बताया की, रुक रुक कर बारिश होने से लार्वा अधिक पनपता है अतः सभी को जरूरी है की मच्छर जनित बीमारियों से बचे एवम दिन के समय में भी मच्छर से बचाव हेतु उपाय अपनाए।