राजधानी भोपाल में लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरने के लिए बनाए गए केवाईसी अपडेशन केंद्रों पर बायोमेट्रिक डिवाइस लगेंगी। इसके निर्देश भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को दिए। लाड़ली बहना का फॉर्म भरने आ रही महिलाओं के आधार और समग्र आईडी का डेटा आपस में लिंक नहीं है, जिसके चलते अपडेशन नहीं हो पा रहा है। इस समस्या को दूर करने के लिए कलेक्टर ने बायोमेट्रिक डिवाइस लगाने को कहा।
कलेक्टर आशीष सिंह लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत बनाए गए केवाईसी अपडेशन केंद्र का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। कलेक्टर के साथ आयुक्त नगर निगम केव्हीएस चौधरी कोलसानी, अपर आयुक्त संदीप केरकट्टा और अन्य अधिकारी भी साथ में उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने 12 नंबर स्थित वार्ड कार्यालय में स्थित केवाईसी अपडेशन केंद्र और बाल्मीकि नगर बागसेवनिया स्थित केवाईसी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना केंद्रों पर महिलाओं के लिए बैठने की व्यवस्था के साथ पीने के पानी की भी व्यवस्था करने को कहा।
बता दें भोपाल में अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा महिलाओं ने योजना का फायदा लेने फॉर्म भर दिए हैं। लाड़ली बहना योजना के फॉर्म 25 मार्च से भरा रहे हैं। इसके लिए 30 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे। जून महीने की 10 तारीख से पात्र महिला के खाते में एक हजार रुपये की राशि भेजी जाएगी।