राजधानी भोपाल के लालघाटी चौराहे के पास बाइक सवार एक युवक को बुलेट ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। युवक के पिता मालीपुरा स्थित चिरायु अस्पताल में भर्ती हैं। वह भैंसाखेड़ी स्थित चिरायु अस्पताल से पिता के लिए इंजेक्शन लेकर मालीपुरा स्थित चिरायु अस्पताल आ रहा था। हादसे में बुलेट सवार दोनों युवक भी घायल हुए है, जिनका इलाज चल रहा है। जिस युवक की मौत हुई है, उसकी दो माह पहले ही शादी हुई थी।
कोहफिजा पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय सुरेंद्र रजक पीरगेट का रहने वाला था और एक ज्वैलरी की दुकान में काम करता था। सुरेन्द्र के पिता कंछेदीलाल रजक बीमार हैं, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिरायु अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि कंछेदीलाल को एक इंजेक्शन लगना है, जो इस अस्पताल में नहीं है। वह इंजेक्शन भैंसाखेड़ी स्थित चिरायु अस्पताल से लाना होगा।
ये भी पढ़ें-
खरगोन के बैड़िया में 266 करोड़ की विकास सौगात, सीएम बोले- मुख्यमंत्री बस योजना’ जल्द होगी शुरू
पुलिस ने कोहेफिजा थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि युवक सुरेन्द्र ब्रिज पर रांग साइड चल रहा था। वह पिता के लिए जल्दी इंजेक्शन लाने के लिए रांग साइड से चल रहा था, जिसकी वजह से वह फ्लाईओवर पर चढ़ गया। सामने से तेजी से आ रही बुलेट ने टक्कर मार दी। हादसे में सुरेन्द्र के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसकी वजह से खून अधिक बह गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुलेट जब्त कर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। बुलेट सवार दोनों युवक भी घायल हैं। सुरेन्द्र की दो माह पहले अप्रैल में शादी हुई थी। युवक की मौत के बाद परिजन बदहवाश हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुलेट सवार घायल युवक बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। स्वस्थ होने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।