पत्नी से प्रताड़ित और घरेलू कलह से परेशान होकर एक युवक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने पिता से माफी मांगी और लाइव के दौरान ही उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। फेसबुक लाइव देखकर पिता जब तक घर पहुंचा, बेटे की मौत हो चुकी थी। अशोका गार्डन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी हेमंत श्रीवास्तव ने बताया कि 25 वर्षीय अभिषेक बचले गौतम नगर झुग्गी बस्ती में रहता था और ट्रक ड्राइवर था। करीब चार साल पहले उसने ऐशबाग स्टेडियम के पास रहने वाली काजल यादव नाम की युवती से प्रेम-विवाह किया था। दोनों की तीन साल की एक बेटी है। परिजनों के बताए अनुसार शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों में विवाद होने लगे थे। काजल ने ऐशबाग थाने में दहजे प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था, जिसकी सुनवाई भोपाल न्यायालय में चल रही है।
ये भी पढ़ें- मऊगंज कांड: तीन संदिग्ध मौत मामले में एसडीओपी अंकिता सुल्या आईजी कार्यालय अटैच, पूर्व मामलों की भी होगी जांच
शुक्रवार को दोनों के बीच कोर्ट में राजीनामा होने वाला था, इसके लिए वह अभिषेक से और रुपये की मांग कर रही थी। शुक्रवार को आगे की तारीख दे दी गई थी। इसके बाद काजल तीन वर्षीय बेटी को अपने साथ लेकर मायके ले जाने की जिद कर रही थी, लेकिन अभिषेक इसके लिए तैयार नहीं था।
थाने पहुंची तो सौंप दी बेटी, कर लिया सुसाइड
शुक्रवार रात काजल ऐशबाग थाने पहुंची और फिर से शिकायत की तो अभिषेक ने बेटी की कस्टडी पत्नी काजल को बिना किसी कागज के सौंप दी। इसके बाद घर आया और खाकर पास वाले घर में सोने चला गया। रात करीब एक बजे परिजनों ने देख कि अभिषेक सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा कि पिताजी मुझे माफ कर देना, पत्नी, उसके माता-पिता और भाई-बहन की वजह से मेरा जीवन बर्बाद हो गया। मैं खुदकुशी करने के लिए मजबूर हो गया हूं और खुदकुशी का जिम्मेदारी मेरी पत्नी काजल, उसके माता-पिता और भाई-बहन हैं। इसके बाद लोगों ने यह बात उसके पिता को बताई। पिता जब तक अभिषेक के पास पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस मर्ग कायम कर मोबाइल को जांच के लिए भेज दिया है।