राजधानी भोपाल के शाहजहानी पार्क स्थित बंद पड़े बायोगैस प्लांट में रविवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आसमान में धुएं के घने गुब्बार उठने लगे, जो शहर के कई हिस्सों से दिखाई दिए। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की करीब 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग का अनुमान
फायर अधिकारी शक्ति तिवारी ने बताया कि शाम करीब 5:50 बजे नियंत्रण कक्ष को आग लगने की सूचना मिली थी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की कई यूनिटों ने मिलकर आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट की ओर जाने वाले रास्ते को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें-मध्यप्रदेश में तीन दिन तक हल्की बारिश के आसार, नवंबर के दूसरे हफ्ते से ठंड में आएगी तेजी
आसपास फैला कचरा बना आग का कारण
जानकारी के मुताबिक यह एक फायर केमिकल प्लांट था, जो पिछले कुछ साल से बंद पड़ा था। आसपास कचरे का बड़ा ढेर जमा था, जहां से आग फैलनी शुरू हुई। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इस बायोगैस प्लांट का निर्माण वर्ष 2017 में किया गया था, लेकिन पिछले तीन साल से यह बंद पड़ा है। प्लांट की देखरेख न होने और आसपास कचरा जमा रहने के कारण हादसे का खतरा बढ़ा हुआ था। आग की लपटें और धुआं इतनी तेजी से फैला कि इसे फतेहगढ़ और पुल बोगदा जैसे इलाकों से भी देखा गया। शहर के कई इलाकों में लोगों ने आसमान में काले धुएं के गुबार की तस्वीरें खींचकर सोशल मीडिया पर साझा कीं।
यह भी पढ़ें-एम्स में एक हफ्ते में दो ट्रांसप्लांट, युवाओं में किडनी का खतरा बढ़ा,अनकंट्रोल ब्लड प्रेशर बन रही वजह