पिपलानी थाना पुलिस ने शहर में नकली नोट बनाने का काम कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के घर से 2.25 लाख रुपए कीमत के जाली नोट और नोट प्रिंट करने का पूरा सामान जब्त किया गया है। युवक पहले प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है और वहीं का अनुभव इस्तेमाल कर घर में ही नोट छाप रहा था।
सूचना मिलते ही घेराबंदी, 500 के 23 जाली नोट बरामद
एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि शांति नगर झुग्गी बस्ती के पास एक युवक नकली नोट चलाने की कोशिश में है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपए के 23 नकली नोट मिले। उसने अपना नाम विवेक यादव, निवासी मुरली नगर, करोंद बताया।
कम्प्यूटर-प्रिंटर से घर में छाप रहा था नोट
पूछताछ में विवेक ने कबूला कि वह अपने घर में कम्प्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट बना रहा था। प्रिंटिंग प्रेस में काम करने के कारण उसे ग्राफिक डिजाइनिंग और प्रिंटिंग की जानकारी है, जिसका फायदा उठाकर वह जाली नोट तैयार करता था।
यह भी पढ़ें-
इज्तिमा में मौलाना सईद बोले-मस्जिदों से दूर हो रहे मुसलमान, बे-नमाजी बढ़ना सबसे बड़ा नुकसान
428 नोटों के साथ प्रिंटिंग सेटअप भी जब्त
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से 500 रुपए के 428 नकली नोट बरामद हुए। इस तरह कुल 2,25,500 रुपए के जाली नोट और कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर समेत नोट बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण मिले। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी कब से यह काम कर रहा था और उसने बाजार में कितने नोट चलाए।
ऑनलाइन पढ़कर सीखी तकनीक
पुलिस के अनुसार विवेक सिर्फ 10वीं पास है, लेकिन प्रिंटिंग अनुभव की वजह से उसने नकली नोट बनाने की योजना बनाई। उसने कई लेखकों की किताबें पढ़ीं, ऑनलाइन रिसर्च किया और फिर इंटरनेट से सामग्री मंगवाकर नोट छापना शुरू कर दिया।
उसके खिलाफ केस दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
---