रातीबड़ में सड़क हादसे में कार की टक्कर से सौ फीट दूर जा गिरी बाइक
- फोटो : सोशल मीडिया
भोपाल के रातीबड़ थाना इलाके में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन भाइयों को इतनी जोरदार टक्कर मार दी कि उनकी बाइक करीब सौ फीट दूर जा गिरी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक पर सवार दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरे की हालत नाजुक बनी हुई है।
रातीबड़ थाना पुलिस ने बताया कि राजपुरा में बिलकिसगंज का रहने वाला बृजमोहन मीणा और उसका परिवार निर्माणाधीन मकानों में छत ढलाई का ठेका लेते हैं। बृजमोहन शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने बड़े भाई रामबाबू और प्रेमनारायण मीणा के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर साइट पर काम करने के लिए निकला था। इस दौरान रातीबड़ से बिलकिसगंज जाने वाली सड़क पर सामने से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
घटनास्थल पर लगे सीसीसटीवी फुटेज को देखने के बाद पुलिस ने बताया कि कुत्ते को बचाने के लिए ड्राइवर ने एसयूवी सड़क से नीचे उतारी फिर दोबारा सड़क पर लौटते वक्त सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि रामबाबू और प्रेमनारायण 20 फीट ऊपर उछले और सड़क पर आ गिरे। इस कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। जबिक उनकी बाइक उछल कर करीब सौ फीट दूर जा गिरी।
पुलिस के अनुसार इस हादसे के पल भर बाद ही एसयूवी ने दूसरी बाइक पर बिलकिसगंज से भोपाल लौट रहे मां-बेटे को भी टक्कर मारकर जख्मी कर दिया। एसयूवी इतनी अनियंत्रित हो चुकी थी कि सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर पीछे से आ रही दूसरी कार में सवार होकर फरार हो गया। पुलिस को कार में क्रिकेट का सामान मिला है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी फेथ क्रिकेट क्लब में प्रैक्टिस करके लौट रहा होगा।
वहीं, घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। इसके पहले कि वे एसयूवी को आग के हवाले कर देते, सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई और कार को जब्त कर लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बृजमोहन को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालात गंभीर बनी हुई है। हादसे की सूचना से राजपुरा गांव में मातम मचा हुआ है।