राजधानी में 12वीं पास शातिर ठग खुद को आईएएस या प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय रामानुज गुर्जर के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में 10 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी वकीलों को बड़ी कंपनियों में नौकरी, सरपंचों और बिल्डरों को सरकारी ठेके तथा आम लोगों को आर्म्स लाइसेंस दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। गांधीनगर पुलिस ने सात लाख रुपये की ताजा धोखाधड़ी के मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आर्म्स लाइसेंस के नाम पर ठगी
ताजा मामला गुनगा क्षेत्र के बर्री गांव निवासी रामनारायण गुर्जर की शिकायत पर दर्ज हुआ है। आरोपी रामानुज ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों से अपनी ऊंची पहुंच होने की बात कहकर फरियादी को आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया। उसने फरियादी से दो बार में तीन लाख रुपये नकद, करीब तीन लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर और एक लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट अपने खाते में जमा करवा लिया। इस तरह कुल सात लाख रुपये ऐंठने के बाद भी आरोपी ने लाइसेंस नहीं बनवाया। रकम लेते समय का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह नोटों की गड्डियां लेता दिख रहा है। यह वीडियो आरोपी के ममेरे भाई भगवान सिंह गुर्जर ने बनाया था।
ये भी पढ़ें-
बातचीत बंद की तो गरबा टीचर बना हैवान: शिक्षिका को घर बुलाकर दुष्कर्म, फिर पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी
जयपुर में वकील से की थी धोखाधड़ी
आरोपी रामानुज मूल रूप से नजीराबाद के भमौरा गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गांधीनगर की एयरोसिटी कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहा था। वह 14 साल पहले भी धोखाधड़ी के ऐसे ही मामलों में पकड़ा जा चुका है। वर्ष 2012 में जयपुर के ज्योतिनगर थाने में एक वकील ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी ने खुद को पीएमओ का आईएएस अधिकारी बताकर एक बड़ी कंपनी में कानूनी सलाहकार की नौकरी दिलाने के नाम पर वकील से पांच लाख रुपये ठग लिए थे। उस समय जयपुर पुलिस ने उसे भोपाल की अरेरा कॉलोनी से पकड़ा था। उस दौरान उसने अपनी पहचान रामबाबू उर्फ रामप्रसाद बताई थी।
छह सरपंचों से ऐंठे थे 12 लाख रुपये
वर्ष 2012 के नवंबर महीने में भोपाल के हबीबगंज थाने में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। उस समय उसने छह सरपंचों को सरकारी ठेके दिलाने का झांसा देकर लगभग 12 लाख रुपये ऐंठ लिए थे। इस मामले में पकड़े जाने के बाद उसे लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा था। हालांकि जेल से छूटने के बाद भी उसने धोखाधड़ी का काम बंद नहीं किया। वह लोगों को बड़े अधिकारियों से अपने संबंध होने का दावा कर फंसाता रहा। गांधीनगर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।