राजधानी भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में शनिवार को लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला, जब छात्राओं ने ईवीएम मशीन के जरिए अपनी छात्र परिषद के लिए मतदान किया। पूरी प्रक्रिया भारतीय निर्वाचन प्रणाली की तर्ज पर आयोजित की गई-जैसे किसी आम चुनाव में होता है।मतदान केंद्रों की सजावट, मतदाता पर्चियां, अमिट स्याही, ईवीएम की बीप, और चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति, सब कुछ ऐसा था जैसे बच्चियों ने एक दिन के लिए लोकतंत्र का जीवंत अनुभव कर लिया हो।
लोकतंत्र की व्यावहारिक पाठशाला बनी क्लासरूम
चुनाव की प्रक्रिया में मतदाता सूची, अधिसूचना, नामांकन, प्रचार, मतदान और परिणाम घोषणा जैसे सभी चरणों को शामिल किया गया। मतदान के लिए सजे-धजे मतदान केंद्र, पीठासीन अधिकारी, P1, P2, P3, पहचानकर्ता, सुरक्षा अधिकारी, और मतदाताओं की पंक्तियां- सब कुछ बिल्कुल आम चुनाव जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रहे थे। प्रत्येक छात्रा को ईवीएम की तरह काम कर रहे टैबलेट के माध्यम से मतदान कराया गया, और मतदान के बाद उनकी तर्जनी अंगुली पर अमिट स्याही भी लगाई गई।
600 से अधिक छात्राओं ने किया मतदान
भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में शनिवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले मतदान में कुल 600 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। सभी छात्राएं उत्साहपूर्वक कतार में लगीं और पहली बार मतदान की व्यावहारिक प्रक्रिया में सहभागिता का अनुभव किया।
यह भी पढ़ें-
फील्ड पर सक्रिय हुए एमपी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, नवंबर में राहुल गांधी और खड़गे लेंगे सीधी क्लास
चुनी गईं छात्र परिषद की प्रतिनिधि छात्राएं
हेड गर्ल:- स्नेहा नन्दमेहर (कक्षा 12वीं)
डिप्टी हेड गर्ल:- सालेहा खान (कक्षा 11वीं)
सेक्रेटरी: -. रूपिका परते (कक्षा 10वीं)
डिप्टी सेक्रेटरी:- भावना पथे (कक्षा 9वीं)
यह भी पढ़ें-
एम्स भोपाल में 10 घंटे चला ऑपरेशन, अग्नाशय से निकाला 4.3 किलो का ट्यूमर, महिला को मिली नई जिंदगी
छात्राओं को लोकतंत्र की मूल अवधारणा से कराया परिचित
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती संगीता सक्सेना ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को लोकतंत्र की मूल अवधारणा से परिचित कराना था। केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक अनुभव से वे भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनें यही हमारी मंशा थी।