राजधानी के आनंद नगर क्षेत्र में स्थित टेक्नोक्रेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी (टीआईटी) में कॉलेज की बस चलाने वाले के फर्नीचर कारीगर बेटे द्वारा तीन कंप्यूटर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को एक दिन की रिमांड पर लिया है।
आनंद नगर पुलिस चौकी प्रभारी संतोष रघुवंशी ने बताया कि महेंद्र पाराशर टीआईटी कॉलेज में सुपरवाईजर का काम करते हैं। कॉलेज की बस के एक चालक ने अपने बेटे फैजान की नौकरी की सिफारिश की थी। फैजान भोपाल टॉकीज के पास एक फर्नीचर की दुकान में काम करता था। पिता की सिफारिश पर संस्थान में नए फर्नीचर बनाने का काम कुछ अन्य कारीगरों के साथ फैजान को दे दिया गया। चूंकि फैजान के पिता टीआईटी कॉलेज के पुराने कर्मचारी हैं, इस वजह से वह शैक्षणिक परिसर में भी घूमने लगा। इसी बीच, वह मौका पाकर कंप्यूटर चोरी करता और फर्नीचर बनाने के औजार के बहाने बैग या बड़े झोले में भरकर ले जाने लगा। अब तक वह दो तीन कंप्यूटर का पूरा सेट और एक मॉनीटर चोरी कर चुका है।
इस तरह आया पकड़ में
संस्थान से कंप्यूटर चोरी होने के बाद मेन गेट पर सभी कर्मचारियों पर निगरानी रखने के साथ मजदूरों की जांच की जाने लगी। गत दिनों संदेह होने पर फैजान को जांच के लिए रोका गया, लेकिन वह पिता की धौंस दिखाकर चला गया। इसके बाद गार्ड ने सुपरवाईजर को जानकारी दी। सुपरवाईजर ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो फैजान की गतिविधि संदिग्ध लगी। गार्ड ने बताया कि उसके बैग में कंप्यूटर जैसा सामान था। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई। संदेह के आधार पर पुलिस ने फैजान से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। कुछ कंप्यूटर उसके यहां से बरामद हुए हैं, कुछ उसने दोस्त के घर छिपा दिए हैं। उनकी बरामदगी के लिए पिपलानी पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।