कार्यक्रम को संबोधित करते उपस्थित अतिथि।
- फोटो : अमर उजाला
देश का कानून और संविधान सबके लिए समान है, लेकिन अल्पसंख्यकों के लिए कुछ अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी हैं। संविधान की धारा 28, 29 और 30 ने शिक्षा के विशेष अधिकार दिए हैं। ये बात शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने राजधानी भोपाल में गांधी नगर नई बस्ती में आयोजित मशावरती जलसा कार्यक्रम के दौरान कही।
कार्यक्रम एएम हाई सेकेंडरी स्कूल की ओर आयोजित किया गया था। इस मौके पर मदरसों के प्रबंधक, शिक्षक, शिक्षाविद और शहर के फिक्रमंद लोग जुटे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. महताब आलम ने मदरसों को लेकर मची खलबली पर कहा कि रजिस्ट्रेशन में प्रोटेक्शन है। नियमों का पालन करते हुए किए गए काम में सबकी भलाई और आसानी है। इस मौके पर प्रो हलीम खान ने भी मदरसों को संचालित करने के नियम और ताजा हालात पर बात की। कार्यक्रम को मुफ्ती मोहम्मद अहमद, प्रो अहसान, मोहम्मद माहिर आदि ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, मुफ्ती मोहम्मद अहमद, मानू के प्रो अहसान, मप्र मदरसा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष प्रो हलीम खान, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. महताब आलम, मप्र मुस्लिम विकास परिषद अध्यक्ष एड माहिर खान आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक सआदत हलीम, मोहम्मद सुहैब कुरैशी आदि ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताया। इस मौके पर विभिन्न रजिस्ट्रेशन आदि की प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए थे।