भोपाल रेल मंडल में लगातार टिकटों की अवैध बिक्री के दलाल सक्रिय होते जा रहे हैं। इसे लेकर रेलवे लगातार अभियान चला रहा है, इसके बावजूद दलालों पर कंट्रोल नहीं हो रहा है। इसे लेकर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रशांत यादव के नेतृत्व में रेल सुरक्षा बल (रेसुब) ने जनवरी से अक्टूबर 2024 के बीच रेल टिकटों की अवैध बिक्री करने वाले दलालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान, कुल 48 मामले दर्ज किए गए और 56 व्यक्तियों पर रेल अधिनियम की धारा 143 के तहत कानूनी कार्रवाई की गई। इन मामलों में 62,000 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए।
यात्रियों का छूठा सामान लौटाया
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, सौरभ कटारिया ने बताया कि कि रेल सुरक्षा बल ने "मिशन अमानत" के तहत यात्रियों का छूटा हुआ सामान सुरक्षित रूप से उनके मालिकों को लौटाने का प्रशंसनीय कार्य किया है। इस अवधि में 405 यात्रियों को कुल 69,08,271 रुपए मूल्य का सामान लौटाया गया। रेल सुरक्षा बल की यह कार्रवाई उनकी यात्रियों की सुरक्षा, सहायता और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एक्सिस बैंक के साथ रेल कर्मियों के हित में किए एमओयू
इधर पश्चिम मध्य रेल प्रशासन और एक्सिस बैंक लिमिटेड के बीच रेलवे सैलरी पैकेज (आरएसपी) के लाभों को सुविधाजनक बनाने के लिए मंगलवार को एक समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। यह एमओयू सभी नियमित कर्मचारियों को लाभान्वित करेगा, जिनके वेतन खाते एक्सिस बैंक में हैं। 55,000 कर्मचारी हैं, जिनमें जबलपुर, भोपाल और कोटा मंडल के अलावा भोपाल और कोटा में कारखानें सम्मिलित हैं।
एक्सिस बैंक खाता धारक रेलकर्मियों को मिलने वाली सुविधाएं
- व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा: 100 लाख रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा।
- सामान्य मृत्युः 10 लाख रुपये का बीमा।
- वायु दुर्घटना बीमा : 100 लाख रुपये का वायु दुर्घटना बीमा (बैंक के डेबिट कार्ड से टिकट खरीदने पर)
- अभिभावक हेतु विशेष योजनायें।
- स्थायी पूर्ण विकलांगता: 100 लाख रुपये का स्थायी पूर्ण विकलांगता लाभ।
- स्थायी आंशिक विकलांगता होने पर 75 लाख रूपये का स्थायी आंशिक विकलांगता लाभ।
- शून्य शेष खाता।
- प्राइमरी डेबिट कार्ड के साथ हवाई अड्डे के लाउंज और अन्य सुविधाएं।
- सभी बैंक के एटीएम में 30 लेनदेन फ्री।
- मुफ्त ई-स्टेटमेंट, ऑनलाइन एनईएफटी /आरटीजीएस।