फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल: पटाखे फोड़ने से रोकना पड़ा भारी, मां को बचाने पहुंचे बेटे की चाकू से गोदकर हत्या, शव रखकर प्रदर्शन

Mon, 09 Nov 2026 05:55 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के इब्राहिमगंज में दीपावली की रात कीचड़ में पटाखे फोड़ने से रोकने पर विवाद हो गया। आरोपियों ने मां-बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। इलाज के दौरान बेटे की मौत हो गई। घटना के विरोध में परिजनों ने चक्काजाम किया।

 

विज्ञापन
शव रखकर प्रदर्शन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी और आतिशबाजी के जश्न में डूबा था, उसी दौरान राजधानी भोपाल के इब्राहिमगंज में पटाखे फोड़ने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। घर के सामने नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ने से दीवार पर गंदगी के छींटे पड़ रहे थे। मां ने युवकों को ऐसा करने से रोका तो वे विवाद करने लगे। मां के साथ अभद्रता और मारपीट होते देख 25 वर्षीय बेटा अनिकेत खटीक बीच-बचाव करने पहुंचा। इस दौरान हमलावरों ने मां-बेटे दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। मां को तीन वार लगे, जबकि अनिकेत की जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए गए। गंभीर रूप से घायल अनिकेत ने सोमवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

विज्ञापन


नाली में पटाखे फोड़ने से शुरू हुआ विवाद, मां को बचाने में गई बेटे की जान
घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज की है। अनिकेत के भाई अभिषेक ने पुलिस को बताया कि घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम अपने कुछ साथियों के साथ घर के पास नाली और कीचड़ में पटाखे फोड़ रहे थे। इससे उछलकर कीचड़ के छींटे घर की दीवारों पर पड़ रहे थे। यह देखकर अनिकेत की मां सुनीता ने युवकों को टोका और घर से कुछ दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा।

मां की आपत्ति पर युवक उनसे बदसलूकी करने लगे। सुनीता ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने उन पर चाकू से तीन वार कर दिए। मां को बचाने के लिए अनिकेत आगे आया तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोपियों ने अनिकेत की जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल
पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अनिकेत की मौत हो गई।

पढ़ें: एनएच-44 पर ट्रक-कार की भिड़ंत में चार की मौत, पांच घायल; नर्मदा स्नान करने जा रहे थे सभी

विज्ञापन


छोला से भी बुलाए थे साथी, मारपीट के वीडियो आए सामने
परिजनों का आरोप है कि अमन और प्रेम ने वारदात के दौरान छोला इलाके में रहने वाले अपने कुछ साथियों को भी बुलाया था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस विवाद से जुड़े अलग-अलग वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में मौके पर मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस इन वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की वजह केवल आतिशबाजी को लेकर हुआ विरोध था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश अथवा दूसरी वजह भी थी।

पुलिस को कई बार फोन करने के बाद भी देरी से पहुंचने का आरोप
घटना के बाद अनिकेत के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को कई बार फोन कर मदद मांगी, लेकिन पुलिस टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। परिवार का कहना है कि यदि पुलिस समय पर पहुंच जाती तो शायद अनिकेत की जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी।
विज्ञापन


शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम
सोमवार को अनिकेत की मौत की खबर फैलते ही परिवार और क्षेत्र के लोगों में आक्रोश फैल गया। दोपहर बाद परिजनों और पड़ोसियों ने अनिकेत का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि वारदात में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और परिवार को न्याय मिले।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया के मुताबिक, मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में आतिशबाजी के दौरान विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों के फुटेज, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान की जांच कर रही है। वारदात में शामिल लोगों की भूमिका और चाकू के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें