मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को प्रदेश में अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। प्रदेश में दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाओं में कई लोगों की मौत के बाद पटवारी ने आरोप लगाया कि राज्य का सरकारी तंत्र बार-बार होने वाली आग की घटनाओं से निपटने में पूरी तरह सक्षम नहीं है।
भोपाल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पटवारी ने आगजनी की घटनाओं में मारे गए लोगों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कटनी सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 13 से अधिक लोगों की मौत हुई है। मैं सभी मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। दीपावली के आसपास ऐसी घटनाओं का बढ़ना संभव है, लेकिन ये हादसे सरकार की तैयारियों की वास्तविक स्थिति भी उजागर करते हैं।
अग्निशमन व्यवस्था में बुनियादी संसाधनों की कमी पर सवाल उठाते हुए पटवारी ने कहा कि आग लगने जैसी घटनाओं के समय उनसे निपटने के लिए कई जगह जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं होते। कहीं दमकल वाहन नहीं हैं तो कहीं दमकल के पाइप जैसे उपकरण खराब पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब इंदौर और भोपाल जैसे बड़े शहरों में भी ऐसी कमियां मौजूद हैं, तो ग्रामीण, आदिवासी और अन्य जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
पढे़ं: मंदसौर में 62 लाख रुपये की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पटवारी की यह टिप्पणी मध्य प्रदेश के सिवनी और कटनी जिलों में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो परिवारों के 12 लोगों की मौत के बाद आई है। दीपावली के बाद प्रदेश के कई इलाकों में उत्सव का माहौल मातम में बदल गया।
सिवनी में सोमवार तड़के एक आभूषण कारोबारी के घर में आग लगने से छह लोगों की मौत हो गई। सिवनी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कृष्ण लालचंदानी के मुताबिक, हादसे के समय घर में करीब 10 लोग मौजूद थे। आग और धुएं के कारण दम घुटने तथा झुलसने से छह लोगों की जान चली गई, जबकि पुलिस और स्थानीय लोगों ने चार अन्य को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मृतकों की पहचान कुंदन लाल सोनी, उनकी पत्नी राजकुमारी सोनी, इंदौर से आई उनकी बेटी, एक पोते और दो बहुओं के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि परिवार के दो बेटों और एक पोते व पोती को सुरक्षित बचा लिया गया।
वहीं, कटनी में दीपावली की रात तीन मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित दुकान में आग लग गई। ऊपर की मंजिलों पर रह रहे परिवार के छह सदस्य आग में फंस गए और उनकी मौत हो गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) वीरेंद्र नरवरे ने बताया कि मृतकों में करीब 70 वर्ष उम्र के दो बुजुर्ग, एक महिला और तीन छोटे बच्चे शामिल हैं।