निरीक्षण करते भोपाल कमिश्नर हरेंद्र नारायण यादव
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में सफाई अभियान को लेकर जहां महापौर मालती राय लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर रही है और नगर निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई कर रही है वहीं अब भोपाल नगर निगम कमिश्नर हरेंद्र नारायण यादव भी सड़कों पर उतर गए हैं और साफ सफाई को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त रुख अपना रहे हैं। शनिवार को सफाई में लापरवाही मिलने पर एक दरोगा को निलंबित कर दिया। जबकि 3 एएचओ (सहायक स्वास्थ्य अधिकारी) को नोटिस थमाए गए हैं, वहीं 5 दरोगा-सुपरवाइजर का 15-15 दिन का वेतन काटने की कार्रवाई हुई है।
सुबह-सुबह कमिश्नर ने किया निरीक्षण
दरअसल कमिश्नर हरेंद्र नारायण यादव शनिवार सुबह शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था देखने पहुंचे थे। इसी दौरान सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। कचरे या ग्रीन वेस्ट में आग लगाने, कार्य में लापरवाही बरतने और निर्देशों का पालन नहीं करने पर नोटिस, निलंबन और वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।
इन पर कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर हरे नारायण यादव ने नाराजगी व्यक्ति की और संबंधित अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई की इस दौरान उन्होंने वार्ड-60 के नोडल अधिकारी केसी गुप्ता, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी राकेश शर्मा, राजीव सक्सेना और वाशुदेव उदेनिया को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जबकि वार्ड-76 के दरोगा विजय बालूए, वार्ड-50 के दरोगा रंजीत करोसिया, वार्ड-45 एमपी नगर जोन-2 के सुपरवाइजर पंकज कुंडे एवं वार्ड-51 के दरोगा रंजीत मरोठिया का 15-15 दिवस का वेतन कटेगा। वार्ड-60 के दरोगा त्रिशूल तुनैया को निलंबित किया गया है।