राजधानी भोपाल में दो अलग-अलग हादसों में चार युवकों की मौत हो गई। एक हादसा श्यामला हिल्स के कमला पार्क में हुआ तो दूसरी दुर्घटना कोहेफिजा इलाके की है।
बाइक की रफ्तार इतनी की तीनों बाइक से उछलकर दूर जा गिरे
पहली घटना रविवार दोपहर श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में कमला पार्क के पास हुई। एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर मजार से टकराकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार तीनों व्यक्तियों की मौत हो गई। दो व्यक्तियों की मौके पर मौत हुई है, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार गिन्नौरी तलैया से पॉलीटेक्निक चौराहे की तरफ तीनों बाइक से जा रहे थे। तीनों युवक जैसे ही कमला पार्क स्थित हनुमान मंदिर के सामने मोड़ पर पहुंचे, वैसे ही उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार बहुत ज्यादा होने के कारण बाइक मुड़ने के बजाए चमेली वाले बाबा की मजार से जाकर टकरा गई। इस हादसे में तीनों युवक हवा में उछले और सड़क पर गिरकर घायल हो गए। तीनों के सिर और शरीर में गंभीर चोट आई थी। राहगीरों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने दो युवकों को चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक ने कुछ देर बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों के पास पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले थे। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस को एक युवक शिवनगर छोला मंदिर का पता चला था। देर रात तक पुलिस तीनों युवकों की पहचान के प्रयास कर रही थी।
कार को देख बढ़ाई जीप की रफ्तार, पलटने से एक की मौत 4 घायल
दूसरा हादसा कोहेफिजा इलाके का है। यहां जीप पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक असफाक पुत्र खालिद (35) गली नंबर-2 इमामी गेट के पास कोतवाली में रहता था और प्राइवेट काम करता था। शनिवार देर रात वह अपने दोस्तों अनीस, वाहिद, आलम नूर और मो. जहूर के साथ खुली जीप में घूमने के लिए निकला था। रात करीब डेढ़ बजे पांचों दोस्त लालघाटी से ओवर ब्रिज होकर एयरपोर्ट की तरफ जा रहे थे। मनुआभान की टेकरी के पास बगल में चल रही एक तेज रफ्तार एसयूवी ने जीप को टक्कर मार दी, जिससे जीप पलट गई। इस हादसे में असफाक जीप के नीचे दब गया, जबकि बाकी चारों दोस्त उछलकर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने जीप उठाकर असफाक को निकाला हादसे के दौरान वहां से निकल रहे राहगीरों ने किसी तरह जीप को सीधा किया और असफाक को बाहर निकाला। असफाक और उसके साथियों को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद असफाक को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई गई है।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
बताया जाता है कि लालघाटी से आगे निकलते ही कार ने ओवरटेक करने का प्रयास किया तो जीप चालक ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी थी। मनुआभान की टेकरी के पास कार चालक ने तेजी के साथ जीप को ओवरटेक करने का प्रयास किया, तभी कार की टक्कर लगने से जीप पलट गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। कार में सवार किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली कार जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।