फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhopal: वैलेंटाइन से पहले वशीकरण का खेल, प्रेमिका को पाने के लिए आशिक बना चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Wed, 18 Feb 2026 08:21 AM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के बागसेवनिया इलाके में एक युवक ने प्रेमिका को अपने वश में करने के लिए तांत्रिक के कहने पर अपने पुराने मालिक के घर चोरी कर ली। घर से नकदी और एक भारी बॉक्स चुराया गया, लेकिन पूरी वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई।
विज्ञापन
(फाइल फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रेमिका को अपने वश में करने की चाहत में एक युवक चोरी के रास्ते पर चल पड़ा। तांत्रिक के कहने पर उसने अपने ही पुराने मालिक के घर चोरी कर ली। लेकिन उसकी यह पूरी साजिश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं।
विज्ञापन


पूर्व मालिक के घर को बनाया निशाना

बागसेवनिया थाना क्षेत्र के आदर्श नगर में रहने वाले डॉ पुष्पेंद्र सिंह गौतम 30 जनवरी से 11 फरवरी के बीच छतरपुर गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर से करीब एक लाख रुपये नकद और एक भारी बॉक्स गायब था। अलमारी के लॉकर भी टूटे मिले। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि पहले यहां काम कर चुके भरत पटेल और शुभम राय ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में भरत ने बताया कि वह जोया उर्फ कशिश खान नाम की युवती से बहुत प्रेम करता था, लेकिन वह उससे दूरी बनाने लगी थी। इसी परेशानी में वह मंडीदीप के एक तांत्रिक हल्केवीर के पास पहुंचा।

तांत्रिक ने दिया चोरी का सुझाव

भरत ने पुलिस को बताया कि तांत्रिक ने कहा था कि अगर वह प्रेमिका पर खूब पैसा खर्च करेगा तो वह हमेशा उसके साथ रहेगी। पैसे का इंतजाम करने के लिए तांत्रिक ने उसे पुराने मालिक के घर चोरी करने की सलाह दी। तांत्रिक का दावा था कि घर में गहनों से भरा बॉक्स रखा है।
विज्ञापन


सीसीटीवी तोड़ने की कोशिश नाकाम

आरोपियों को पता था कि घर में कई जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कैमरे बंद करने के लिए उन्होंने ट्रक ड्राइवर धीरज धाकड़ को पैसे देकर तैयार किया। योजना थी कि ट्रक से तार तोड़कर रिकॉर्डिंग बंद कर दी जाए। धीरज कॉलोनी में पहुंचा और तार भी तोड़ा, लेकिन गलती से पड़ोसी के घर का तार टूट गया। डॉ गौतम के घर के कैमरे चालू रहे और पूरी चोरी रिकॉर्ड हो गई। भरत और शुभम घर में घुसे, नकदी और भारी बॉक्स लेकर भाग गए। उन्हें उम्मीद थी कि बॉक्स में जेवरात होंगे, लेकिन जब खोला तो उसमें सिर्फ महंगी शराब की बोतल निकली। यह देखकर दोनों हैरान रह गए।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

चोरी के बाद दोनों आरोपी उज्जैन महाकाल के दर्शन के लिए भी गए। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दोनों साफ नजर आए। डॉ गौतम ने भी उन्हें पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने भरत, शुभम और तांत्रिक हल्केवीर को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक ड्राइवर की भूमिका भी सामने आई है। फिलहाल जोया उर्फ कशिश खान और अमन अहिरवार की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी और खुलासे हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें