घाटों का निरीक्षण करते विधायक रामेश्वर शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
देश भर में 5 नवंबर से छठ पूजा शुरू किया जाएगा इसे लेकर राजधानी भोपाल में तैयारी शुरू हो गई है। घाटों में इस बार विशेष तैयारी की जा रही है। छठ पूजा के लिए घाटों पर चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंगलवार को घाटों का निरीक्षण कर तैयारियां देखीं। यहां सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश अधिकारियों को दिया।
विधायक शर्मा ने इन घाटों का किया निरीक्षण
विधायक रामेश्वर शर्मा ने संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) स्थित झूलेलाल विसर्जन घाट, बैरागढ़, नीलबड़, कोलार के विश्वकर्मा नगर, कलियासोत नदी घाट समरधा, श्रीकृष्ण पुरम घाट, हलाली डेम घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां बिजली, सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के साथ चेंजिंग रूम बनाने को भी कहा। ताकि, श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेंद्र चौहान, नगर यंत्री प्रमोद मालवीय, तहसीलदार सुनील वर्मा आदि मौजूद थे।
महापौर भी ले चुकी हैं तैयारी को लेकर बैठक
महापौर मालती राय छठ पूजा को लेकर पहले से तैयारी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। घाटों को संवारने का काम शुरू हो चुका है। छठ पूजा के चलते घाटों की साफ-सफाई की जा रही है। पूजा के बाद पूजन सामग्री को निगम का अमला इकट्ठा करेगा। ताकि, खाद बनाई जा सके। इससे पहले गणेश और दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान भी पूजन सामग्री इकट्ठा की गई थी। जिसकी खाद बनाई जा रही है। गौरतलब है कि भोपाल में चार दिवसीय छठ पूजा महापर्व 5 नवंबर से शुरू होगा। भोजपुरी एकता मंच के तत्वावधान में भोजपुरी पूर्वांचल समाज महापर्व मनाएगा।