फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल में नल के पानी में ई-कोलाई मिलने का आरोप: कमिश्नर से मिलीं नेता प्रतिपक्ष और पार्षद, कार्रवाई की मांग

Tue, 17 Nov 2026 07:42 PM IST
Sandeep Kumar Tiwari न्यूज डेस्क,अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल के वैशाली नगर में नल के पानी की दो जांच रिपोर्ट में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद कांग्रेस पार्षदों ने संभाग आयुक्त से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है। पार्षदों ने पूरे जल वितरण तंत्र की जांच की मांग उठाई है, क्योंकि कोलार नेटवर्क से नौ जोन के करीब सात लाख लोगों को पानी सप्लाई होता है। नगर निगम ने नए नमूने लेकर जांच शुरू की है।
विज्ञापन
संभाग आयुक्त से मिले पार्षद - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद अब भोपाल के पेयजल की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वैशाली नगर में नल के पानी की दो जांच रिपोर्ट में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद नगर निगम की जल आपूर्ति व्यवस्था निशाने पर है। मामला सामने आने के बाद करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है। अब कांग्रेस पार्षदों ने संभाग आयुक्त कमिश्नर कर्मवीर शर्मा से मुलाकात कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और पूरे जल वितरण तंत्र की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी, पार्षद योगेंद्र सिंह गुड्डू चौहान समेत अन्य पार्षद कमिश्नर से मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम लोगों को दूषित पानी पिला रहा है और पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। पार्षदों ने ज्ञापन देकर दोषियों पर कार्रवाई और नागरिकों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
विज्ञापन


दो जांच रिपोर्ट में मिला बैक्टीरिया, दूसरी बार भी नहीं सुधरी स्थिति
वैशाली नगर निवासी विवेक राय ने अपने स्तर पर पानी की जांच कराई थी। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट रिसर्च लैब की 28 अक्टूबर की रिपोर्ट में 100 मिलीलीटर पानी में ई-कोलाई की मात्रा 660 एमपीएन मिली थी। पानी का गंदलापन भी 5.9 एनटीयू दर्ज हुआ, जबकि निर्धारित अधिकतम सीमा 5 एनटीयू है। इसके बाद 12 नवंबर को दोबारा नमूना दिया गया। 13 नवंबर को आई रिपोर्ट में भी 100 मिलीलीटर पानी में 350 एमपीएन ई-कोलाई मिला। पीने के पानी में इस बैक्टीरिया की मात्रा शून्य होनी चाहिए। दोनों रिपोर्ट सामने आने के बाद इलाके के करीब 200 परिवारों ने नल के पानी का इस्तेमाल बंद कर दिया और बोतलबंद पानी खरीदने लगे।

सीवेज लाइन से पेयजल में गंदगी मिलने की आशंका
रहवासियों को आशंका है कि पेयजल पाइपलाइन के पास से गुजर रही सीवेज लाइन में लीकेज के कारण गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। उनका कहना है कि पीछे स्थित वायु नगर के सीवेज चेंबर ओवरफ्लो होने पर यह पानी पाइपलाइन तक पहुंच सकता है। हालांकि, दूषित पानी का वास्तविक स्रोत अभी जांच का विषय है।
विज्ञापन


एक कॉलोनी का मामला नहीं, 7 लाख लोगों तक पहुंचता है इसी नेटवर्क का पानी
इस मामले ने इसलिए भी चिंता बढ़ाई है, क्योंकि कोलार जलापूर्ति नेटवर्क से शहर के नौ जोन में करीब सात लाख लोगों को पानी मिलता है। इस नेटवर्क के 1.35 लाख कनेक्शनों के जरिए रोजाना 34 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है। ऐसे में वैशाली नगर में सामने आई गड़बड़ी के बाद पूरे नेटवर्क की जल गुणवत्ता जांचने की मांग उठ रही है।

निगम ने लिए 11 और सैंपल, अधिकारियों ने संभाली निगरानी
मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने जांच तेज कर दी है। अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ ने जल कार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और अन्य अधिकारियों के साथ वैशाली नगर का निरीक्षण किया। निगम की टीम ने मकान नंबर 129, 127, 118, 117, 115, 109, 100, 34, 33, 15 और 02 से 11 नमूने लेकर लैब भेजे हैं। इससे पहले 14 और 15 नवंबर को भी 16-16 नमूने लिए गए थे। निगम का दावा है कि मौके पर किए गए परीक्षण में पानी साफ मिला। उसमें दुर्गंध नहीं थी और पर्याप्त मात्रा में अवशिष्ट क्लोरीन भी पाई गई। हालांकि, प्रयोगशाला की रिपोर्ट से ही पानी की गुणवत्ता को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ें-एमपी में बीस नवंबर से मौसम का यू-टर्न: 9 जिलों में आंधी-बारिश, भोपाल-इंदौर में छाएगी धुंध,तेजी से गिरेगा पारा
विज्ञापन



भोपाल में पहले भी सामने आ चुका है बैक्टीरिया का मामला
राजधानी में ई-कोलाई मिलने का यह पहला मामला नहीं है। गैस फैक्ट्री के आसपास और ईदगाह क्षेत्र के नियामतपुर में भी दूषित पानी की शिकायतें सामने आती रही हैं। वर्ष 2022 में क्लोरीनीकरण के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलने से नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे। अब वैशाली नगर की दो जांच रिपोर्ट के बाद सवाल यह है कि पेयजल पाइपलाइन में सीवेज का पानी पहुंचने की आशंका को कैसे दूर किया जाएगा और कोलार नेटवर्क से जुड़े लाखों लोगों को सुरक्षित पानी की गारंटी कौन देगा।


 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें