भोपाल। बीना और आगासौद स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग कार्य का असर अब यात्री ट्रेनों पर पड़ेगा। पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल होकर संचालित 20 यात्री ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का निर्णय लिया है। ट्रेनों के रद्द रहने का सिलसिला 20 सितंबर से शुरू होकर 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। ऐसे में बीना होकर यात्रा करने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचना जरूरी होगा।
तीसरी लाइन जोड़ने के लिए चल रहा काम
बीना स्टेशन और उत्तर मध्य रेलवे के आगासौद स्टेशन के बीच तीसरी रेल लाइन को जोड़ने के लिए दोनों स्टेशनों के यार्ड में रीमॉडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। काम के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए रेलवे ने अलग-अलग तारीखों में 20 ट्रेनों को रद्द किया है।
बीना-ललितपुर मेमू सबसे ज्यादा प्रभावित
ललितपुर-बीना मेमू और बीना-ललितपुर मेमू 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पूरी अवधि में रद्द रहेंगी। दोनों ट्रेनों के 26-26 फेरे प्रभावित होंगे। ना-कटनी मुड़वारा और कटनी मुड़वारा-बीना मेमू 21 सितंबर को और फिर 28 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। दोनों ट्रेनों के 19-19 फेरे प्रभावित होंगे।
श्रीधाम एक्सप्रेस भी नहीं चलेगी
यार्ड कार्य के कारण लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी असर पड़ेगा। जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। वापसी में हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर श्रीधाम एक्सप्रेस 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक नहीं चलेगी। दोनों ट्रेनों के 19-19 फेरे प्रभावित होंगे।
भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी 15 दिन रहेगी बंद
भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। इसके अलावा बीना-रूठियाई और रूठियाई-बीना की चार मेमू ट्रेनें 30 सितंबर से 16 अक्टूबर तक अलग-अलग सेवाओं में रद्द रहेंगी।
बेंगलुरु एक्सप्रेस और हमसफर की भी यात्रा रद्द
ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस 2 और 9 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वापसी में एसएमवीटी बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस 4 और 11 अक्टूबर को नहीं चलेगी। रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 14 अक्टूबर और संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को रद्द रहेगी।
राज्यरानी और महामना भी प्रभावित
भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस 9 से 15 अक्टूबर तक और दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस 10 से 16 अक्टूबर तक रद्द रहेगी। वहीं भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस और खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को रद्द रहेंगी।
यार्ड रीमॉडलिंग से बढ़ेगी ट्रेनों की क्षमता
रेलवे के अनुसार काम पूरा होने के बाद बीना और आगासौद स्टेशनों के यार्ड की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। इससे ट्रेनों के संचालन में अधिक सुगमता आएगी। ट्रेनों के ठहराव और परिचालन का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा। साथ ही भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को सुचारु रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी। रीमॉडलिंग के बाद रेल परिचालन की दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ने के साथ ट्रेनों के समयपालन में भी सुधार की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें-एमपी में थमी तेज बारिश: 3 दिन राहत, 13 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम, अभी सामान्य से 7% कम पानी
यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचें
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सितंबर और अक्टूबर में बीना होकर यात्रा करने वाले यात्री यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग, ठहराव और प्रस्थान व गंतव्य स्टेशन की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। रद्द ट्रेनों की तारीखों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है।