बीना स्टेशन और आगासौद के बीच तीसरी रेल लाइन जोड़ने के लिए चल रहे यार्ड रीमॉडलिंग का असर रेल यात्रियों पर पड़ने वाला है। पश्चिम मध्य रेलवे ने भोपाल मंडल होकर चलने वाली 20 यात्री ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में निरस्त किया है। इनमें भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी, जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस, भोपाल-दमोह राज्यरानी और भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। यार्ड रीमॉडलिंग के लिए प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग का काम चरणबद्ध तरीके से 1 सितंबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा। 20 सितंबर से ट्रेनों के निरस्तीकरण का असर शुरू होगा। कुछ ट्रेनें सितंबर के अंत तक, जबकि कई ट्रेनें अक्टूबर के मध्य तक अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी।
इन प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा असर
1-ललितपुर-बीना मेमू और बीना-ललितपुर मेमू 20 सितंबर से 15 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी।
2- जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन श्रीधाम एक्सप्रेस 26 सितंबर से 14 अक्टूबर तक और वापसी में 27 सितंबर से 15 अक्टूबर तक निरस्त रहेगी।
3- भोपाल-ग्वालियर इंटरसिटी और ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी 1 से 15 अक्टूबर तक नहीं चलेंगी।
4- भोपाल-दमोह राज्यरानी एक्सप्रेस 9 से 15 अक्टूबर तक और दमोह-भोपाल राज्यरानी 10 से 16 अक्टूबर तक रद्द रहेगी।
5- भोपाल-खजुराहो महामना एक्सप्रेस और खजुराहो-भोपाल महामना एक्सप्रेस 15 अक्टूबर को निरस्त रहेंगी।
6- रानी कमलापति-संतरागाछी हमसफर 14 अक्टूबर और संतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर 15 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
7- ग्वालियर-एसएमवीटी बेंगलुरु और वापसी की ट्रेन भी अक्टूबर में निर्धारित दो-दो यात्राओं पर रद्द रहेगी।
यह भी पढ़ें-मातृ-शिशु मृत्यु दर घटाने तमिलनाडु मॉडल अपनाएगी सरकार: गर्भावस्था में मिलेगी जननी किट, NHM से जुड़ेगा आयुष
तीसरी लाइन जुड़ने के बाद बढ़ेगी परिचालन क्षमता
बीना और आगासौद स्टेशनों के यार्ड में रीमॉडलिंग पूरी होने के बाद तीसरी रेल लाइन को जोड़ने से परिचालन क्षमता बढ़ाने की योजना है। रेलवे के अनुसार इससे ट्रेनों के संचालन और ठहराव का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। भविष्य में बढ़ते रेल यातायात को संभालने में भी मदद मिलेगी। रेल प्रशासन ने सितंबर और अक्टूबर में बीना होकर यात्रा करने वाले यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, मार्ग, ठहराव और प्रस्थान एवं गंतव्य स्टेशन की जानकारी जरूर जांच लें।