मदीना की उमराह यात्रा पर भेजने का झांसा देकर ठगा
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में मक्का और मदीना की उमराह यात्रा पर भेजने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये ऐंठने का मामला सामने आया है। भोपाल के कोतवाली थाना क्षेत्र में संचालित कोहिनूर हज एंड उमराह सर्विसेज के संचालक हाफिज राहिल खान पर श्रद्धालुओं से लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत के निर्देश पर जेल भेज दिया गया। मामले की जांच के दौरान एक आयुष डॉक्टर से बिज़नेस पार्टनर बनाने के नाम पर 10 लाख रुपये ठगने की शिकायत भी सामने आई है। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि धोखाधड़ी की कुल रकम और भी अधिक हो सकती है।
धार्मिक यात्रा का झांसा देकर लाखों की ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी हाफिज राहिल खान ने भोपाल में एक स्थानीय मस्जिद के पास अपनी ट्रैवल एजेंसी खोली थी और प्रचार के जरिये श्रद्धालुओं का विश्वास हासिल किया था। इस एजेंसी के जरिये उसने लोगों को हज और उमराह की यात्रा के लिए मक्का और मदीना ले जाने का भरोसा दिलाया। आरोपी के झांसे में आकर कई लोगों ने यात्रा के लिए अपनी गाढ़ी कमाई की बड़ी रकम उसके पास जमा करवा दी। रुपये लेने के बावजूद आरोपी ने न तो किसी को यात्रा पर भेजा और न ही रकम वापस लौटाई। लंबे समय तक इंतजार के बाद जब लोगों ने अपने रुपये वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। वह रुपये वापस मांगने वाले श्रद्धालुओं को ईरान और इस्राइल के बीच जारी युद्ध का हवाला देकर लगातार बहलाता रहा। उसने आश्वासन दिया कि युद्ध के हालात ठीक होने के बाद यात्रा कराई जाएगी या रकम लौटा दी जाएगी। इस बीच एक पीड़ित को दिया गया यस बैंक का चेक भी बाउंस हो गया, जिससे लोगों का संदेह बढ़ गया और उन्होंने पुलिस में लिखित शिकायत दी।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: राज्य कर्मचारी आयोग का पुनर्गठन, मलय श्रीवास्तव बने अध्यक्ष; सात पदों पर नई नियुक्तियां
बिज़नेस पार्टनर बनाने के नाम पर ठगी
धोखाधड़ी के इस मामले में एक आयुष डॉक्टर भी आरोपी की ठगी के शिकार हुए हैं। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की कि आरोपी ने अपनी एजेंसी में बिज़नेस पार्टनर बनाने का झांसा देकर उनसे 10 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा कोतवाली थाना पुलिस को शुरुआत में चार से पांच लोगों से लगभग 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई थीं। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हाफिज राहिल खान को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद सामने आए अन्य पीड़ित
उप पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कई लोगों ने पुलिस से संपर्क कर ट्रैवल एजेंसी संचालक द्वारा ठगी किए जाने की जानकारी दी थी। इसके आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ा गया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में करीब 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी सामने आई थी। हालांकि प्राथमिकी दर्ज होने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद दो से तीन अन्य पीड़ित भी पुलिस के पास पहुंचे। इनमें से एक व्यक्ति से एक लाख रुपये और दूसरे से सात लाख रुपये लेने की बात सामने आई है। उप पुलिस आयुक्त संतोष पटले ने बताया कि आरोपी यात्रा न कराने पर रुपये मांगने वालों को इजराइल और ईरान के हालात का हवाला देता था। पुलिस अन्य पीड़ितों के संबंध में जानकारी जुटा रही है और जांच आगे बढ़ा रही है।