मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दो साल का मासूम मिहिर डागा भंगड़े की धुन पर थिरकता नजर आया। यह वीडियो होशंगाबाद रोड पर बने नोबल अस्पताल का बताया जा रहा है। इस वीडियो में मिहिर का मासूमियत भरा डांस देखकर वॉर्ड में भर्ती बाकी 38 मरीज कुछ देर के लिए कोरोना का डर ही भूल गए। साथ ही, वे भी मिहिर के साथ झूमते-नाचते नजर आए।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, भोपाल में होशंगाबाद रोड पर बने नोबल अस्पताल में मंगलवार शाम भंगड़े की धुन बच रही थी। उस दौरान दो साल का मासूम मिहिर भंगड़े की धुन पर झूमने लगा। यह देखकर बाकी मरीज भी मस्ती में आ गए और उसके साथ नाचने लगे। इस दौरान कोविड वॉर्ड का माहौल कुछ देर के लिए बेहद खुशनुमा हो गया।
कौन है मिहिर डागा?
बता दें कि मिहिर डागा महज दो साल का बच्चा है। वह कोरोना संक्रमित है और होशंगाबाद रोड पर बने नोबल अस्पताल में भर्ती है। मिहिर और उसकी मां माधुरी समेत परिवार के छह लोग कोविड पॉजिटिव हैं, लेकिन अस्पताल में मिहिर और उसकी मां ही भर्ती हैं।
भोपाल में यह है ताजा अपडेट्स
गौरतलब है कि राजधानी भोपाल में मंगलवार को कोरोना के 260 नए मामले सामने आए। अब यहां कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 37 हजार 874 से बढ़कर 38 हजार 134 हो गई है। वहीं, पूरे प्रदेश में 27 हजार 551 सैंपलों की जांच के बाद 1073 नए संक्रमित मिले। भोपाल में दो लोगों ने जान गंवा दी।