भोपाल पेट्रोलियम डिपो हादसे में तीसरी मौत
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल बकानिया स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के डिपो में 21 अक्टूबर को हुए ट्रैंकर में ब्लास्ट में तीसरी मौत हो गई है। विनाद नाम के व्यक्ति की इलाज के दौरान गुरुवार रात मौत हो गई। इससे पहले दो लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना में 7 लोग झुलस गए थे। जिनकाे चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अभी अस्पताल में 4 घायलों का इलाज चल रहा है।
जिला आपूर्ति नियंत्रक मीना मालाकार ने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और मेसर्स यूनाईटेड सेल्स एंड सर्विस स्टेशन खजूरी सड़क द्वारा मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता एवं अलग से तत्काल सहायत राशि 11-11 हजार रुपए प्रदान की गई।
घटना के बाद घायलों को तुरंत चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में 7 कर्मचारी 30 वर्षीय सलमान, 35 वर्षीय सानू, 37 वर्षीय विनोद, 40 वर्षीय राजा मिंया, 18 वर्षीय शिरक, 28 वर्षीय छोटेलाल, और 30 वर्षीय अंतराम घायल हुए थे। इनमें से सलमान और शानू की पहले मौत हो चुकी थी। गुरुवार रात एक अन्य गंभीर घायल विनोद की भी मौत हो गई।
बता दें इससे पहले हादसे में घायलों के परिजनों ने प्रशासन और कंपनी के जिम्मेदारों पर गंभीर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि घटना के बाद से ना तो प्रशासन ना ही कंपनी की तरफ से कोई अधिकारी ने उनसे संपर्क किया है। घायलों को भी अस्पताल वह अपनी गाड़ी से लेकर पहुंचे थे। इसके बाद कंपनी ने घायला और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता की घोषणा की।