तिरंगा लगाते वक्त करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में स्वतंत्रता दिवस पर एक निर्माणाधीन अस्पताल की छत पर तिरंगा लगाने के दौरान एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई। न्यू शारदा नगर निवासी अंशुल राजन जान अस्पताल के डायरेक्टर थे।
जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय अंशुल राजन जान परिवार के साथ अयोध्या नगर के न्यू शारदा नगर में रहते थे। अंशुल तीसरी मंजिल पर अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटे के साथ रहते थे। अंशुल अपने निवास की बिल्डिंग में अस्पताल का निर्माण करा रहे थे। वह अस्पताल के डॉयरेक्टर थे। सोमवार सुबह 6 बजे अंशुल जान लोहे की छड़ पर तिरंगा लगाने छत पर गए। तिरंगा लगाते समय छत पर फैले पानी में फिसल कर गिर गए और लोहे की छड़ पास से गुजर रही 11 केवी की लाइन से टच हो गया। तेज आवास होने पर अंशुल की पत्नी छत पर पहुंची तो पति को बेसुध पड़ा देखा। वह तुरंत आसपास के लोगों की मदद से पति को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने अंशुल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। अंशुल के पिता डॉ. राजन जान डॉक्टर है। वह मिनाल रेसीडेंसी में रहते है। अंशुल उनके एकलौते बेटे थे।