राजधानी भोपाल के कोलार में शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिक्स लेन सड़क का भूमिपूजन करेंगे। इससे पहले विधायक रामेश्वर शर्मा के खिलाफ एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यापारी ने खुद को स्वयं सेवक बताते हुए विधायक पर होर्डिंग के लिए जबरन चंदा वसूली के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत समेत बीजेपी और संघ के पदाधिकारियों को की गई है। पत्र के नीचे हस्ताक्षर है, लेकिन नाम किसी का नहीं लिखा है।
पत्र में आरोप लगाया है कि यह सड़क कोलार वासियों के लिए सुविधा की जगह प्रताड़ना का सबक बन गई है। इसका कारण विधायक रामेश्वर शर्मा द्वारा मुख्य मार्ग के व्यापारियों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों यहां तक की शैक्षणिक संस्थानों से भी जबरन चंदा एवं चौथ वसूली करने को बताया है।
पत्र में मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए लिखा है कि विधायक रामेश्वर शर्मा अपना चेहरा और राजनीति चमकाने के लिए आपके फोटो का इस्तेमाल कर हर गली मोहल्ले में बैनर, पोस्टर, होर्डिंग आदि लगाने तथा अखबारों में विज्ञापन देने के लिए व्यापारियों से लाखों रुपये जबरन वसूल चुके हैं।
व्यापारी ने अपना नाम लिखे बिना पत्र में कहा कि मैंने आजीवन एक स्वयंसेवक के नाते संघ से जुड़कर अपना पूरा जीवन संघ के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र निर्माण के लिए होम कर दिया। इसके बावजूद रामेश्वर शर्मा ने ना केवल मुझसे बदसलूकी की बल्कि उन्होंने 29 तारीख के भूमिपूजन कार्यक्रम के बैनर-पोस्टर आदि के लिए सहयोग के नाम पर जबरन चंदा देने का दबाव बना रहे हैं।