लोकायुक्त पुलिस ने सहायक यंत्री को रिश्वत लेते दबोचा
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल लोकायुक्त ने मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक यंत्री कैलाश चौधरी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सहायक यंत्री किसानों के खेत में ट्रांसफार्मर लगाने रिश्वत मांग रहा था।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को 27 अक्टूबर को निशातपुरा निवासी ओमप्रकाश चढ़ार ने शिकायत की थी। ओमप्रकाश पेटी कांट्रेक्टर है। वह किसानों के खेत में ट्रांसफार्मर लगता है। इस कार्य की फाइल तैयार होने के बाद सहायक यंत्री मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड इछावर द्वारा अनुमति प्रदान की जाती है। इसके एवज में 5 हजार रुपए प्रति प्रकरण के हिसाब से 15 हजार रुपए की मांग सहायक यंत्री कैलाश चौधरी द्वारा की जा रही थी।
कायत सत्यापन में सही पाई गई। जिसके बाद 28 अक्टूबर को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में प्रकरण पंजीबद्ध कर ट्रैप कार्यवाही की गई। कैलाश चौधरी आवेदक ओम प्रकाश चढ़ार को रिश्वत लेने के लिए कार्यालय से बहुत दूर ले गया, लेकनि रिश्वत का लेन देन नहीं होने से लोकायुक्त ने कार्रवाई स्थिगित कर दी। इसके बाद बुधवार को दोबारा ट्रैप कार्यवाही का अयोजन किया गया। जिसमें कैलाश चौधरी को शासकीय निवास पर रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।