भोपाल के करोंद में जिला प्रशासन और नगर निगम के अमले ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 करोड़ 50 लाख रुपये के अवैध कब्जे वाली भूमि पर बुल्डोजर चलाया। न्यू जेल रोड संजीव नगर मोड़ करोंद में बिना परमिशन के कॉलोनी काटकर प्लॉट बेचे जाने का मामला सामने आया था, जिसके अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने नगर निगम और पुलिस के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अतिक्रमणकारियों से भूमि को मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त दल ने रविवार को बैरागढ़ एसडीएम के नेतृत्व में बड़वाई गांव में कर्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को हटाया। एसडीएम बैरागढ़ मनोज उपाध्याय और तहसीलदार गुलाब सिंह के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अमले ने जेसीबी से अवैध तरीके से ऐसे बनाए जा रहे मकान, अन्य निर्माण और कॉलोनी काटने की प्रक्रिया को रोककर कब्जेदारों के निर्माण को तोड़ दिया।
एसडीएम बैरागढ़ ने बताया कि शिकायत मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा निजी और सीलिंग की भूमि पर बिना अनुमति कॉलोनी बनाकर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। इसके साथ ही कॉलोनी बनाने के लिए नगर निगम और टीएनसीपी से भी कोई अनुमति नहीं ली गई है। इस पर संज्ञान लेते हुए थाना निशातपुरा के अंतर्गत ग्राम बड़वाई में कानूनी कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध निर्माण को हटा दिया गया हैं।
भू माफिया मंगतानी,सुभाष चंद्र शर्मा, मसरूर खान, मनोज शर्मा, अब्दुल जाहिर बेग समेत अन्य लोगों द्वारा बिना अनुमति के अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल, सड़क, ऑफिस, फाउंडेशन के साथ नालियों का निर्माण कार्य किया जा था। सभी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए सभी निर्माणों को ध्वस्त किया गया और सीलिंग की भूमि को मुक्त कराया गया
कार्रवाई के दौरान एसडीएम मनोज उपाध्याय, तहसीलदार गुलाब सिंह बघेल, नगर निगम अतिक्रमण शाखा नासिर खान, एएसआई छत्रपाल, एएसआई मनोज चौबे सहित अन्य बल उपस्थित रहा।
प्रदेश में अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कस रहा है। निगम प्रशासन और पुलिस ने माफियाओं, अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। प्रदेश में अतिक्रमण तोड़ो अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन बड़ी कार्रवाई को अंजाम दे रहा है।