राजधानी भोपाल के व्यस्त इलाके में एक होटल मैनेजर की दो बाइक सवार बदमाशों ने हत्या कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार निपानिया जाट ईंटखेड़ी निवासी 35 वर्षीय वसीम खान अल्पना तिराहे पर स्थित एक होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वसीम होटल से ईंटखेड़ी अपने घर बस से आना-जाना करते थे। मंगलवार रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी के बाद बैरसिया बस स्टैंड की तरफ पैदल जा रहे थे। इस बीच अचानक दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। वसीम कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने चाकू से सीने, सिर समेत शरीर में कई जगह वार किए। वसीम बेसुध होकर गिर गए, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मामले में सीसीटीवी, परिवार और कार्यस्थल के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। वहीं, परिजनों का मामले मे कहना है कि उसका किसी से कोई विवाद नहीं था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।