फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भोपाल: हमीदिया अस्पताल से निकली वृद्धा को बदमाशों ने बनाया शिकार, नकली नोटों का झांसा देकर उतरवाए जेवर

Sun, 06 Sep 2026 06:56 PM IST
भोपाल ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

भोपाल में हमीदिया अस्पताल से इलाज कराकर निकली 62 वर्षीय महिला को दो बदमाशों ने नकली नोटों की गड्डी का झांसा देकर मंगलसूत्र और कान के टॉप्स ठग लिए। घर पहुंचकर गड्डी खोलने पर रद्दी कागज मिले। पुलिस जांच कर रही है।

विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी में बदमाशों ने इलाज कराने आई 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ठगी का शिकार बना लिया। आरोपियों ने डर और झांसे का जाल बुनकर महिला के सोने के जेवर उतरवा लिए और बदले में रद्दी कागजों से भरी नकली नोटों की गड्डी थमा दी। वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र के नक्कारखाना इलाके में हुई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार नरसिंहगढ़ निवासी अशरफी बाई (62) त्वचा रोग का इलाज कराने 3 सितंबर को भोपाल के हमीदिया अस्पताल आई थीं। डॉक्टर को दिखाने के बाद वह मेडिकल स्टोर से दवा लेकर ऑटो की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान करीब 30 वर्षीय एक युवक और 16-17 साल का किशोर उनके पीछे लग गए। दोनों ने मदद करने का झूठा नाटक किया। आरोपियों ने महिला का बैग अपने हाथ में ले लिया और उसे बातों में उलझाकर पैदल नक्कारखाना गेट तक ले आए।

विज्ञापन


मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतरवा लिए
नक्कारखाना गेट पहुंचने के बाद आरोपी ने महिला को बताया कि इलाके में लुटेरे घूम रहे हैं, जो उनके सोने के जेवर छीन सकते हैं। इसके बाद उसने कपड़े में लिपटी 500 रुपये के नोटों की भारी गड्डी दिखाई। सुरक्षा के नाम पर आरोपी ने महिला का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उतरवा लिए और जेवर अपने पास रखकर बदले में नोटों की गड्डी महिला को थमा दी।

पढे़ं: 10 की मौत के बाद बंडा अस्पताल पहुंचे सांसद-विधायक और अफसर, मरीजों का जाना हाल

महिला को भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने साथ मौजूद किशोर को अपना बेटा बताया। इसके बाद गड्डी में से 500-500 रुपये के तीन असली नोट निकालकर कहा कि उसे बच्चे के लिए सामान खरीदना है। इस पूरे नाटक से महिला को भरोसा हो गया कि गड्डी में असली नोट हैं। घबराहट और झांसे में आकर महिला ने अपने सभी जेवर आरोपियों को सौंप दिए। इसके बाद आरोपी उन्हें ऑटो में बैठाकर वहां से रवाना हो गए।

विज्ञापन


बेटी के घर गड्डी खोली तो उड़े होश
पीड़िता जब सईद नगर स्थित अपनी बेटी के घर पहुंचीं और कपड़े में लिपटी गड्डी खोली तो उनके होश उड़ गए। गड्डी में नोटों की जगह सिर्फ रद्दी कागज के टुकड़े भरे हुए थे। ठगी का अहसास होने के बाद पीड़िता परिजनों के साथ थाने पहुंचीं और शिकायत दर्ज कराई।

कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस हमीदिया अस्पताल से नक्कारखाना गेट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें