भोपाल सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र हर्षित राजपूत की गुरुवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। सितंबर में मारपीट के एक मामले में शाहपुरा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजे गए बीकॉम द्वितीय वर्ष के छात्र की हमीदिया अस्पताल में सांसें थम गईं। मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद समय पर उचित इलाज नहीं कराया गया। न्यायिक अभिरक्षा में हुई इस मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है, वहीं मामले की न्यायिक जांच कराई जाएगी।
ईश्वर नगर निवासी हर्षित राजपूत पिछले दो महीने से बीमार चल रहा था। परिजनों के अनुसार वह निमोनिया से पीड़ित था और जेल में रहने के दौरान उसका स्वास्थ्य लगातार बिगड़ता गया। परिवार की ओर से कई बार लिखित आवेदन देकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की गई थी। परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन ने न्यायालय को उसकी तबीयत ठीक होने की जानकारी दी। बुधवार शाम को जब हालत अत्यंत गंभीर हो गई, तब उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल लाते समय उसके फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके बाद इलाज के दौरान गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया।
य् भी पढ़ें-
आदिवासी-दलित छात्रावास की बदहाली पर भड़के उमंग सिंघार,बोले-जर्जर भवन,नहाने तक की पर्याप्त व्यवस्था नहीं
प्रदर्शन और कार्रवाई की चेतावनी
मामले में करणी सेना के संभाग अध्यक्ष और मृतक के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह चौहान ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राजपूत समाज इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शुक्रवार तक कथित लापरवाही के मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पोस्टमार्टम के बाद शव रखकर जेल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। जवान बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है। मृतक के पिता गोदाम में काम करते हैं और परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई तथा बहन हैं।
जेल प्रशासन का पक्ष
उधर, जेल अधीक्षक मानवेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि जेल में युवक को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। लगातार उसका उपचार चल रहा था और कोर्ट को भी इस की जानकारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि मामला न्यायिक अभिरक्षा में हुई मौत यानी कस्टोडियल डेथ का है, इसलिए इसकी नियमानुसार न्यायिक जांच होगी। पुलिस ने भी मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
कस्टोडियल डेथ की न्यायिक जांच
न्यायिक अभिरक्षा में बंदी की मौत होने पर कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जाती है। इस दुखद घटना के बाद परिजनों के आरोपों को देखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि इलाज में कोई लापरवाही हुई थी या नहीं। परिजनों की मांग है कि समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारणों की भी जांच की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।