मध्यप्रदेश के भिंड जिले में लोधी समाज की ओर से बीजेपी से प्रीतम लोधी को निष्कासित करने के विरोध में निकाली जा रही रैली हिंसा में बदल गई और रैली के बीच उपद्रव हो गया। रैली में मौजूद लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें एक इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस वाहन के आगे एक बम धमाका भी हुआ जो पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस जांच में जुट गई है।
प्रीतम लोधी की तरफ से दिए गए ब्राह्मण कथा वाचकों के खिलाफ बयान के बाद बीजेपी ने प्रीतम लोधी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था। इसके चलते लोधी समाज आक्रोशित हो गया और जगह-जगह शक्ति प्रदर्शन दिखा कर ज्ञापन देने लगा। इसी दौरान आज यानी गुरुवार को भिंड जिला मुख्यालय पर ज्ञापन देने के उद्देश्य से लोधी समाज ने विशाल रैली का आयोजन किया था।
भिंड के सुभाष तिराहे पर रैली के दौरान अचानक उपद्रव हो गया, जिसे संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल को बुलाया गया। अफरा-तफरी के माहौल में रैली में शामिल लोगों ने पुलिस पर ही पथराव कर दिया, जिसमें इंस्पेक्टर मनोज राजपूत समेत प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह सिकरवार और आरक्षक अभिषेक गुप्ता पत्थर लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल पुलिसकर्मियों ने बताया, रैली में शामिल लोग हुड़दंग करते हुए आ रहे थे, जिन्हें रोकने की कोशिश करने पर अचानक भीड़ ने पथराव कर दिया और पुलिस को घेर कर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस वजह से इंस्पेक्टर मनोज राजपूत समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस रैली में उपद्रवियों के साथ एक गाड़ी पर खड़े प्रीतम लोधी भी उपद्रव कराते दिख रहे हैं।
वहीं इस घटना के बाद एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें रैली के दौरान गुजर रही पुलिस की गाड़ी के आगे अचानक एक बम ब्लास्ट हुआ। धमाका पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरा में क़ैद हो गया। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। भिंड के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार का कहना है कि इस रैली की पहले से कोई अनुमति नहीं ली गई थी।
दरअसल, बीते 17 अगस्त को शिवपुरी जिले में बदरवास के खरैह गांव में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व बीजेपी नेता प्रीतम लोधी ने कहा था कि, पंडित 7-8 घंटे आपको पागल बनाएगा, हम पागल बनते भी हैं। वह कहेगा जितना दान दोगे ऊपर वाला आपको भी देगा। घर की महिलाएं घी, शक्कर, दालें पंडितों को दे आएंगी और अपने बच्चे को नहीं खिलाएंगी।
प्रीतम लोधी ने ये भी कहा कि, पंडित घर की सुंदर महिलाओं पर भी बुरी नजर रखते हैं। इसके बाद प्रीतम लोधी के बयान पर हंगामा हो गया और विवाद बढ़ने पर भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था।