घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
- फोटो : सोशल मीडिया
भिंड जिले के दबोहा गांव में तालिबानी सजा देने का मामला सामने आया है। यहां दलित परिवार के दो युवकों का मुंडन कर जूतों की माला पहनाकर गांव भर में घुमाने की घटना सामने आयी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुराने विवाद में राजीनामा करने के लिए युवकों को घर पर बुलाया गया था और उसके बाद मुंडन करा कर उनके साथ इस घटना को अंजाम दिया गया है, वहीं जानकारी लगने पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर पीड़ितों को थाने ला कर उनकी शिकायत पर आईपीसी और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले का जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर दबोहा गांव में डेढ़ महीने पहले बुद्धराम शर्मा से गांव के ही रामवीर शाक्य, धर्मेंद्र और संतोष समेत एक अन्य ने डंडों से मारपीट कर दी थी, जिसके बाद इस मामले में रामवीर समेत चारों आरोपियों के परिवार द्वारा समझौते के लिए पहल करने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गयी थी। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत में दलित परिवार डेढ़ लाख रुपये बुद्धराम शर्मा को देंगे और उसके बाद गांव छोड़ देने का निर्णय लिया गया था, जिस पर दलित परिवार सहमत हो गया था। इसी बीच सुलह करने की बात कहकर संतोष और दिलीप शाक्य को पंचायत में बुलाया गया। बताया जा रहा है कि यहां सबके बीच दबंग बुद्धराम और उसके साथ में मौजूद लोगों ने दोनों युवकों का मुंडन कराया फिर उनके सिर पर जूते रखे इसके बाद जूतों की माला बनाकर पहनाई और गांव में घुमाया। इसी दौरान गांव के किसी व्यक्ति ने पुलिस को मामले की सूचना दी, जिस पर देहात थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को देहात थाना लाया गया।
भिंड एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 6 आरोपियों बुधराम शर्मा, संजय शर्मा, दिलीप शर्मा, काजू शर्मा, एक अन्य और कथित नाई जिसने मुंडन किया सुनील श्रीवास पर आईपीसी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है अन्य आरोपियों की गिरफ़्तारी के प्रयास भी किए जा रहे हैं। मामले के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते सुरक्षा इंतज़ाम के लिए पुलिसबल तैनात किया है।